शाहजहांपुर: अब प्रमुख सचिव ने किया मुमुक्षु शिक्षा संकुल की भौगोलिक स्थिति का निरीक्षण, प्रक्रिया ने पकड़ी गति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार: मुमुक्षु शिक्षा संकुल को राजकीय विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में प्रयास गति पकड़ चुके हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को शासन के निर्देश पर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा डॉ. महेंद्र अग्रवाल और विशेष सचिव उच्च शिक्षा शीपू गिरि ने मुमुक्षु आश्रम पहुंचकर मुमुक्षु आश्रम कैंपस स्थित पांचों शिक्षण संस्थाओं की चल-अचल संपत्तियों के साथ भौगोलिक स्थिति का गहनता के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के अधिकारी और एसएस कालेज तथा एसएस लॉ कालेज के सचिव भी मौजूद रहे।    

 बता दें कि इससे पहले इसी माह की 20 तारीख को विशेष सचिव शीपू गिरि विश्वविद्यालय से अधिकारियों के साथ संकुल की शिक्षण संस्थाओं का निरीक्षण कर चुके हैं। पिछले निरीक्षण के आठ दिन बाद ही मंगलवार को मुख्य सचिव डॉ. महेंद्र अग्रवाल भी विशेष सचिव शीपू गिरि के साथ निरीक्षण करने पहुंचे।

इस दौरान मुख्य सचिव ने भी मुमुक्षु शिक्षा संकुल की शैक्षिक संस्थाओं एसएस कालेज, एसएस लॉ कालेज, श्री दैवी संपद ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय, स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कालेज और श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ (एसएसएमवी) के भवनों समेत मुमुक्षु आश्रम की भौगोलिक स्थिति का गहनता के साथ जायजा लेते हुए सभी प्रकार की परिसंपत्तियों का आंकलन किया। साथ ही वेतन आदि सभी प्रकार के शैक्षिक अभिलेखों का भी निरीक्षण लिया।

बतादें कि शासन के निर्देश पर डीएम की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति ने मुमुक्षु आश्रम की भूमि पैमाइश कर अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी। इसके बाद अगस्त 2023 में तत्कालीन विशेष सचिव उच्च शिक्षा अखिलेश मिश्र ने विश्वविद्यालय की टीम के साथ सारी चल-अचल संपत्तियों का आंकलन करते हुए अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी थी। 

अब एक बार फिर नए सिरे से जांच-पड़ताल शुरू हो चुकी है। निरीक्षण के समय एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव संजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी संध्या रानी, वित्त अधिकारी विनोद कुमार, डीआईओएस हरिवंश कुमार और महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव डॉ. अवनीश मिश्र के अलावा एसएस कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आरके आजाद, एसएस लॉ कालेज के प्राचार्य डॉ. जयशंकर ओझा आदि भी मौजूद रहे।  

लंच में डीएम भी रहे साथ
प्रमुख सचिव और विशेष सचिव के मुमुक्षु शिक्षा संकुल के निरीक्षण के बाद लंच के समय डीएम उमेश प्रताप सिंह, एडीएम प्रशासन संजय पांडेय आदि भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रमुख सचिव ने डीएम से भी संकुल को विश्वविद्यालय बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

प्रमुख सचिव ने लॉ कालेज में शुरू की प्रवेश प्रक्रिया
स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय में मंगलवार को प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा डॉ. महेंद्र अग्रवाल एवं विशेष सचिव शीपु गिरि ने निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय में विधि (एलएलबी) त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए छात्र-छात्राओं को प्रवेश फार्म प्रदान किए। अधिकारी द्वय ने सौम्या मिश्रा, निकिता पाठक, कहकशां एवं वैभवी द्विवेदी को प्रवेश फार्म भेंटकर एलएलबी प्रथम सत्रांश का श्रीगणेश किया। 

इस दौरान रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह, प्रबंध समिति के सचिव डॉ. अवनीश मिश्र एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जय शंकर ओझा समेत महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार शाह, अशोक कुमार, मृदुल शुक्ला, डॉ. ज्योत्सना गुप्ता, डॉ. दीप्ति गंगवार, रंजना खंडेलवाल, डॉ. अमित कुमार यादव आदि भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: गैर इरादतन हत्या में दोषी को सात वर्ष की कैद, लगा इतने का जुर्माना

संबंधित समाचार