बरेली: बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटने वालों के वीडियो वायरल, सीसीटीवी कैमरे में आराम से पैदल जाते दिख रहे दो बदमाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर की सैनिक कॉलोनी में बुजुर्ग महिला अवधेश को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले दोनों लुटेरों की सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रही है। लूट के बाद दोनों बदमाश आराम से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक बदमाश का चेहरा गमछे से ढका हुआ है और दूसरे का खुला हुआ है। पुलिस महिला को फुटेज दिखाकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

सैनिक कॉलोनी में सोमवार दोपहर को अवधेश को बदमाशों ने घर में बंधक उनकी सोने की चेन, कुंडल, मोबाइल और घर में रखी नकदी लूट ली थी। बदमाशों ने विरोध करने पर उनके चेहरे पर ईंट से भी हमला किया था। पुलिस ने जब घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो बदमाश उसमें दिखाई दिए।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। महिला घर पर अकेली रहती थीं। उनका ब्रेड का कारोबार होने के कारण अक्सर ग्राहकों का आना-जाना घर पर होता था। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाकर ग्राहक बनकर गेट खटखटाया और घर में घुसकर लूटपाट की।

खुलासे के लिए एसओजी को भी लगाया
लूट की घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ एसओजी को भी लगाया गया है। बताया जाता है कि पुलिस शुरुआत में इस घटना को चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा कर निपटाना चाहती थी लेकिन मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज की। दोनों लुटेरे वीर सावरकर नगर चौराहे समेत कई अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।

दोनों लुटेरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। दोनों की पहचान कराई जा रही है। घटना का खुलासा करने के लिए थाना पुलिस के साथ एसओजी भी लगाई है। बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।-अनीता चौहान, सीओ तृतीय

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी की नीयत पर शक नहीं, उन्हें पसंद करते हैं मुसलमान- मौलाना शहाबुद्दीन 

 

 

संबंधित समाचार