अयोध्या: परीक्षा के विरोध में साकेत महाविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय द्वारा घोषित परीक्षा को लेकर गुरुवार को साकेत महाविद्यालय में छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए रोड जाम का प्रयास किया। आक्रोशित छात्रों ने परिसर में प्राचार्य कक्ष में पहुंच कर नारेबाजी की और परिसर में घूम घूम कर प्रदर्शन किया। मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंच कर रोड जाम का प्रयास भी किया लेकिन पुलिस ने रोक दिया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि इस भीषण गर्मी में परीक्षा का कोई औचित्य नहीं है। बताया कि जब सभी जिलों में गर्मी को लेकर एलर्ट जारी किया जा रहा है और दस बजे से तीन बजे तक घर से न निकलने की अपील की जा रही है तो ऐसे में परीक्षा का कोई औचित्य नहीं है। नेतृत्व कर रहे शांतनु कृष्ण सिंह ने कहा कि यदि गर्मी से किसी छात्र के साथ अनहोनी हो जाती है तो कौन जिम्मेदार होगा। 

उन्होंने बताया कि अभी तक गत परीक्षा का परिणाम भी घोषित नहीं किया जा सका है ऐसे में यह परीक्षा नहीं होनी चाहिए। इस दौरान अश्वनी निषाद, सुमित मौर्या, गणेश गुप्ता, मो आसिफ, आयुष सिंह, आदर्श सिंह, पंकज शर्मा, शांतनु दूबे, यश श्रीवास्तव, अनादि पांडेय समेत कई छात्र शामिल रहे।

छात्र परीक्षा को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, उन्हें समझाया गया कि उनकी मांग विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाई जायेगी। जहां तक परीक्षा का सवाल है कालेज में शुचिता के साथ परीक्षा होती आई है। विश्विद्यालय प्रशासन से आग्रह है कि परीक्षा तीन के बजाए दो पालियों में भी कराई जा सकती है...,डॉ. अनिल सिंह, मुख्य नियंता, साकेत महाविद्यालय, अयोध्या।

यह भी पढ़ें:-गोंडा: भीषण गर्मी का कहर जारी, 45 के पार पहुंचा पारा, पानी से नहलाए जा रहे बिजली के ट्रांसफॉर्मर

संबंधित समाचार