लखीमपुर-खीरी: बदमाशों ने पिटाई कर दो मजदूरों से की लूटपाट, चार गिरफ्तार
पलिया से मजदूरी कर बाइक से घर जा रहे थे दो युवक
demo image
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। पलिया से अपने साथी के साथ मजदूरी कर घर वापस जा रहे बाइक सवार दो युवकों को बदमाशों ने चमंचे के बल पर धौरहरा कस्बे में रोक लिया। दोनों की पिटाई कर दो हजार रुपये की नगदी व मोबाइल लूट ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई नगदी और मोबाइल बरामद कर चारों आरोपियों का चालान भेजा है।
कोतवाली धौरहरा के गांव पिपरिया निवासी संतोष ने बताया कि वह गांव के ही अपने साथी विनोद के साथ थाना पलिया के गांव पलिया में मजदूरी करने गया था। वे दोनों लोग 28 मई की रात बाइक से अपने घर वापस आ रहे थे। धौरहरा के तहसील तिराहे से आगे रामलीला ग्राउंड के आगे पुलिया के पास पहुंचे। तभी पहले से खड़े चार लोगों ने तमंचे के बल पर उसकी बाइक रोक ली।
एक बदमाश ने कनपटी पर तमंचा लगा दिया और पिटाई कर दो हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग निकले। लूट की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह पुलिस ने नरैना बाबा रोड पर जीजीआईसी. स्कूल से आगे राहुल सिंह की आम की बाग से दिलशाद, रोहित नाग निवासी आचार्य टोला, समीर शेख निवासी बारिन टोला व निशेष उर्फ चोटू निवासी मोहल्ला कोरियाना कस्बा धौरहरा को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक धौरहरा दिनेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक चाकू, लूटा गया मोबाइल और व 1100 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों का चालान भेजा है।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: दुकानदार की पिटाई कर सिर में घोंपा चाकू, घायल
