विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विशेष: ओरल कैंसर के बढ़े मरीज, युवाओं में बढ़ा ई- सिगार का शौक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

-जिला अस्पताल के मन कक्ष में नशे की लत छुड़ाने के लिए पहुंच रहे युवा

बरेली, अमृत विचार। जिले में ओरल यानी मुंह के कैंसर के केस लगातार बढ़ रहे हैं। युवा सोशल मीडिया के जरिए तंबाकू सेवन के नए-नए माध्यम अपना रहे हैं। इसमें ई-सिगार भी शामिल है। जिला अस्पताल के मन कक्ष में भी हर महीने चार से पांच ऐसे युवा नशे की लत छुड़ाने के लिए काउंसिलिंग कराने के लिए पहुंच रहे हैं, जिन्हें ई-सिगार के सेवन से मुंह में गंभीर प्रभाव पड़ा है। मन कक्ष में इसके साथ ही हर महीने 40 से 50 मरीज ऐसे परामर्श के लिए आ रहे हैं जो कि लंबे समय से तंबाकू का सेवन कर रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल आंकड़ा 10 फीसदी तक बढ़ा है।

बुजुर्ग महिलाएं कर रहीं तंबाकू का सेवन, हो रहीं बीमार
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ओरल कैंसर जागरूकता और मरीजों के परामर्श के लिए गांव-गांव कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंप के दौरान पता चला कि गांवों में 45 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं भी तंबाकू का सेवन करने से मुंह की बीमारियों की चपेट में आ रही हैं। सार्वजनिक स्थलों जैसे अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों समेत अन्य जगह भी खुलेआम तंबाकू उत्पाद बिकते हैं लेकिन इन पर रोक नहीं लगाई जा रही है। इसके अलावा लोगों को जागरूक करने के भी पर्याप्त उपाय नहीं किए जा रहे हैं।

मन कक्ष नशा छोड़ने के लिए हर महीने 40 से 50 मरीज आ रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल 10 फीसदी मरीज बढ़े हैं। इस वर्ष ई-सिगार की लत से जूझ रहे युवा मरीज भी आए हैं। मरीजों का नशा छुड़ाने के लिए काउंसिलिंग के साथ दवाएं भी दी जाती हैं-डॉ. आशीष, प्रभारी, मन कक्ष

तंबाकू में कई हानिकारक रसायन होते हैं, जिनमें से कई कैंसर के कारक होते हैं। जब तंबाकू का सेवन किया जाता है या चबाया जाता है, तो ये रसायन शरीर में अवशोषित हो जाते हैं और डीएनए को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे कोशिकाओं की अनियंत्रित वृद्धि होती है, जो कैंसर की विशेषता है। इसके अतिरिक्त, तंबाकू का सेवन प्रतिरक्षा प्रणाली को कमजोर कर सकता है, जिससे यह कैंसर कोशिकाओं से लड़ने में कम सक्षम हो जाता है-डॉ. अर्जुन अग्रवाल, निदेशक, रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट

ये भी पढ़ें- बरेली: कैंसर पीड़ित के घर में घुसकर दबंगो ने की मारपीट, महिलाओं के साथ की अभद्रता

संबंधित समाचार