बरेली: गर्मी से परेशान एमबीए के छात्रों ने परीक्षा टालने की मांग कर किया विरोध
प्रशासनिक भवन में परीक्षा नियंत्रक के कक्ष की लाइट की बंद
बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड विश्वविद्यालय सत्र समय से पूरा करने के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी परीक्षाएं करा रहा है। भीषण गर्मी और बिजली कटौती से परेशान छात्र परीक्षाएं टालने की मांग कर रहे हैं। एमबीए के छात्रों ने गुरुवार को परीक्षा नियंत्रक कक्ष के बाहर प्रशासनिक भवन में करीब दो घंटे तक विरोध कर परीक्षा टालने की मांग की। छात्रों ने एमसी गिराकर परीक्षा नियंत्रक के कक्ष की लाइट बंद कर दी। छात्रों के न मानने पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने चार छात्राओं के अभिभावकों को फोन किया तो अभिभावकों ने छात्राओं की डांट लगाई। इसके नाराज होकर छात्रों ने फिर हंगामा किया लेकिन परीक्षा नहीं टली।
विश्वविद्यालय परिसर के छात्रों की परीक्षाएं 22 मई से चल रही हैं। एमबीए के ज्यादातर छात्र-छात्राएं छात्रावस में रहते हैं। कुछ छात्र-छात्राओं का कहना है कि गर्मी और बिजली कटौती की वजह से परीक्षा की तैयारी नहीं हो रही है, इसलिए अभी परीक्षा टालकर आगे बढ़ाई जाए। छात्रों ने इससे पहले विभागाध्यक्ष और कुलपति से मिलकर भी परीक्षा टालने की मांग की थी लेकिन सेशन में देरी की बात कहकर परीक्षा नहीं टाली गई। इसके बाद गुरुवार को छात्र-छात्राएं परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार के पास पहुंचीं और परीक्षा टालने की मांग की। जब परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा टालने से इन्कार किया तो हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक के कक्ष की लाइट बंद कर दी। मौके पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड को बुलाया गया।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड में चार छात्राओं के घर फोन किया कि छात्राएं परीक्षा टालने के लिए विरोध कर रही हैं और परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया है। इस पर अभिभावकों ने छात्राओं को फोन कर फटकार लगाई कि समय पर परीक्षा दें। इससे छात्राएं नाराज हो गईं और फिर प्रदर्शन किया। शाम करीब 6 बजे के बाद हंगामा खत्म हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि दूसरे विभागों में भी परीक्षाएं चल रही हैं। इसके अलावा महाविद्यालयों में स्नातक की भी परीक्षाएं चल रही हैं। सत्र समय से पूरा करने के लिए परीक्षाएं करा जा रही हैं। कुछ छात्राओं को ही दिक्कत है। मीडिया प्रभारी डॉ. अमित ने बताया कि एमबीए के छात्र परीक्षा टालने की मांग कर रहे थे। छात्रों को समझाकर शांत करा दिया गया।
गर्ल्स कॉमन रूम में लगाए इन्वर्टर
छात्रावास में बिजली कटौती से परेशान छात्राओं ने कुछ दिनों पहले विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया था। इस पर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया था। अब समस्या के समाधान के लिए गर्ल्स कॉमन रूम में इन्वर्टर लगा दिए गए हैं, ताकि बिजली कटौती की वजह से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो।
छात्रावास में गर्मी से परेशान छात्राओं ने वाटर कूलर के पानी से किया स्नान
गर्मी से छात्रावास में रहने वाली छात्राएं परेशान हैं। बिजली कटौती से पानी की भी समस्या हो रही है। दो दिन पहले छात्रावास में पानी न आने पर कुछ छात्राओं ने वाटर कूलर के पानी से स्नान किया। इससे ठंडा पानी पीने की दिक्कत हो गई। इसकी शिकायत वार्डन से की गई। इस मामले में छात्राओं को जल्द नोटिस देने की तैयारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: एनीमिया की शिकार महिलाएं ज्यादा, कम को लग रहे आयरन इंजेक्शन
