Kanpur: धारदार हथियार से मारपीट में घायल सब्जी विक्रेता की मौत...पीड़ित ने पुलिस पर आरोपियों की मदद करने का लगाया आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में धारदार हथियार से मारपीट में घायल सब्जी विक्रेता की मौत

कानपुर, अमृत विचार। फजलगंज थानाक्षेत्र में लेनदेन के विवाद को लेकर गुमटी बंबा रोड पर आरोपियों ने एक सब्जी विक्रेता पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस दौरान बचाने में एक भाई को भी नहीं छोड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के समय आसपास के लोगों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन मौके पर परिजनों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान एक भाई ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस पर हमलवारों की मदद करने का आरोप लगाया है। 

गुमटी बंबा रोड सब्जी मंडी निवासी 50 वर्षीय संजय बाथम गैस एजेंसी के पास सब्जी का काम करते थे। भाई संतोष और सोनू ने बताया कि 25 मई को वह दुकान पर बैठे थे, इसी दौरान क्षेत्र का रहने वाला गोलू आया और पुराने लेनदेन के विवाद को लेकर गालीगलौज करने लगा। भाइयों ने बताया कि संजय कुछ कह पाते कि इससे पहले गोलू ने अपने साथी सुधीर, बेटू, लल्ला के साथ मिलकर उसने धारदार हथियार से एक के बाद एक सिर पर कई वार कर दिए।

भाई सोनू ने बताया कि उन्होंने विरोध करते हुए उन लोगों को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया। जिससे वह भी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से भाग निकले। परिजनों ने बताया कि घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में पड़े संजय को लेकर वह लोग हैलट अस्पताल पहुंचे। लेकिन हालत में सुधार न होने के कारण उन्हें निराला नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज किया जा रहा था।

बताया कि गुरुवार देर रात 11.58 पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद मृतक संजय की पत्नी सुनीता ने आरोपियों पर मारपीट और गालीगलौज की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है, कि पुलिस पिछले छह दिन से हाथ पर हाथ धरकर बैठी है, उसने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोई कदम नहीं उठाया और घटनास्थल से हमले के लाइव वीडियो फुटेज डिलीट करा दिए हैं। एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें कुछ स्पष्ट नहीं प्रतीत हो रहा है।

इस संबंध में फजलगंज इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला हत्या में तरमीम किया जाएगा। वहीं मृतक की पत्नी सुनीता और बच्चे अमन व काजल का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम ने बताया कि सब्जी मंडी बंबा रोड पर दो पक्षों के मध्य रुपयों के उधार देने को लेकर आपस में मारपीट हो गई थी, जिसमें दोनों पक्षों को चोट आई थी, एक पक्ष के संजय को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया था जिसमें रात में संजय की मौत हो गई है। इस मामले में चारों नामित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है व अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: एक जून से ई-सिटी बसों का डायवर्जन लागू; अधिक भीड़ वाले रूट पर डायवर्ट कर दी जाएंगी बसें

संबंधित समाचार