Kannauj Theft: हनुमान मंदिर से पीतल के घंटे व डेग चोरी...दान पात्र उखाड़ ले गये चोर, पहले भी हो चुकी चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
कन्नौज के हनुमान मंदिर से पीतल के घंटे व डेग चोरी
कन्नौज, अमृत विचार। आसकरनपुर्वा गांव में बने हनुमान मंदिर का ताला काट कर चोरों ने पीतल के घंटे व डेग चोरी कर ले गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मंदिर में इससे पहले भी चोरी हो चुकी है।
गुरुवार की रात चोरों ने अएसकरनपुर्वा गांव के सामने तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर बने हनुमान मंदिर को निशाना बनाया। मंदिर में लगे घंटे व दान पात्र चोर उखाड़ ले गए। चोर मंदिर में लगे दर्जनों घण्टे व दानपात्र सहित भजन के लिए रखी इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी ले गए।
सुबह होने पर मंदिर की देख रेख करने बाले महेश मंदिर में साफ सफाई करने के लिए मंदिर का दरवाजा खोलने पहुंचे तो मंदिर का दरवाजा पहले से खुला था। ताला टूटा मिला। मंदिर के अंदर दानपात्र व घण्टा गायब थे।
जानकारी होने पर गांव के लोग मौके पर पहुंच गये। घटना की सूचना महेश ने स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। चौकी इंचार्ज धीरेंद्र सिंह ने कहा कि मालूम हो कि मंदिर में इससे पहले भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तब डायल 112 पर चोरी की सूचना दी गई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नही हुई। मंदिर में हुई चोरी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जल्द घटना के खुलासे की मांग की है।
