बदायूं: कमरे में पड़ा मिला युवक का शव, पंखे पर टंगा मिला कपड़ा...फारेंसिक टीम ने साक्ष्य किए एकत्र
दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने छत पर जाकर कमरे में देखा था शव
बिसौली, अमृत विचार। दुर्गा जागरण में भजन गाने वाले युवक का शव उसक घर के कमरे में पड़ा मिला। कमरे के पंखे में कपड़े का फंदा था। दुर्गंध आने पर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया पुलिस आत्महत्या मान रही है।
कोतवाली बिसौली क्षेत्र की शिव कॉलोनी निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू (38) पुत्र तेजेंद्र पंजाबी की शादी नहीं हुई थी वह अपने घर पर अकेले रहते थे। उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। वह दुर्गा देवी जागरण में गाना गाकर अपने गुजारा करते थे। शुक्रवार दोपहर उनके घर की ओर से दुर्गंध आ रही थी। पड़ोस में रहने वाले दो लोगों ने जितेंद्र के घर की ओर झांककर देखा। तो जीतू का शव कमरे में दिखा। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
बिसौली कोतवाल सुनील अहलावत और कस्बा के चौकी इंचार्ज नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। कमरा खोलकर देखा तो पंखे पर कपड़ा लटका था और जितेंद्र का शव नीचे पड़ा था। पुलिस ने फारेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि गुरुवार रात जीतू ने एक दुकान से खरीदारी की थी। सूचना मिलने पर जितेंद्र की बहन गीता पहुंची। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने जितेंद्र को फोन किया था लेकिन नंबर बंद आ रहा था। बिसौली कोतवाल ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बदायूं: गंगा में डूबे सात श्रद्धालु, एक की मौत...छह को निकाला बाहर
