शाहजहांपुर: छात्रा को नौकरी का झांसा देकर की टप्पेबाजी, पुलिस ने नहीं दर्ज की FIR

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

demo image

रौसर कोठी/शाहजहांपुर, अमृत विचार। रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय काइयां में छात्रा को नौकरी लगने का झांसा देकर टप्पेबाजी किए जाने के मामले में पुलिस ने तहरीर देने के बावजूद दो दिनों बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। फत्तेपुर चौकी क्षेत्र में महिला के साथ चेन स्नेचिंग व दो व्यापारियों के साथ हुई हजारों रुपये की टप्पेबाजी के मामले में भी एक माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव निवासी बृजेश कुमार की पुत्री लवली एसएस ला कालेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। बुधवार को सुबह 8:30 बजे मोहल्ला सराय काइयां साइकिल से कंप्यूटर कोचिंग जाते समय दो टप्पेबाज नौकरी दिलाने का झांसा देकर लवली को कुछ कदम चलवाकर उसके सोने के टॉप्स, मोबाइल समेत अन्य शैक्षिक प्रमाण पत्र लेकर चंपत हो गए थे। 

घटना की तहरीर छात्रा के पिता बृजेश कुमार की ओर से उसी दिन पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस ने दो दिन बीत जाने के बावजूद न तो रिपोर्ट दर्ज की और न ही घटना के खुलासे को लेकर कोई दिलचस्पी दिखाई।

इसके अलावा 25 अप्रैल को फत्तेपुर चौकी क्षेत्र में थाना रौजा क्षेत्र के मोहल्ला लोदीपुर निवासी व्यापारी रामकुमार के साथ 85 हजार और रामसरन निवासी ग्राम हरना थाना पुवायां के साथ 97 हजार की टप्पेबाजी और 30 अप्रैल को मोहल्ला रेती निवासी श्रीकांत गुप्ता की पत्नी उषा गुप्ता के साथ चैन स्नैचिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस दोनों घटनाओं के खुलासे में नाकाम साबित हुई है।

छात्रा के साथ हुई टप्पेबाजी का मामला संज्ञान में नहीं है। आरसी मिशन पुलिस से घटना के संबंध में जानकारी की जाएगी। अन्य घटनाओं के खुलासे के लिए निर्देशित किया गया है।-संजय कुमार, एएसपी सिटी

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: जिले में आंधी-बारिश का कहर, बच्चों समेत पांच की मौत

 

संबंधित समाचार