Kannauj: दिन में रेकी और रात में करते वारदात...छात्र बनकर किराये पर लिया था कमरा, पुलिस ने चार चोरों को किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में पुलिस ने चोरी करने वाले चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

कन्नौज, अमृत विचार। एसओजी, सर्विलांस व तिर्वा पुलिस की संयुक्त टीम ने बीते माह तिर्वा कस्बे में एक मकान में हुई चोरी में चार चोरों को एक गांव से गिरफ्तार कर लिया। छात्र बनकर किराये पर रह रहे आरोपियों से चोरी का माल बरामद किया गया है। 

एसपी अमित कुमार अनन्द व सीओ तिर्वा प्रियंका वाजपेई ने शनिवार को कार्यालय सभागार में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि तिर्वा के मोहल्ला अबंतीवाई नगर निवासी सर्वेश कुमार पुत्र राधेश्याम के यहां तीन मई की रात चोर घर में घुसकर एक लैपटाप, दो टेबलेट, 50 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में कोतवाली तिर्वा में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसमें खुलासे के लिये तीन टीमों को लगाया था। 

एसओजी प्रभारी दरोगा कमल भाटी, प्रभारी सर्विलांस दरोगा पंकज कुमार की टीमों एवं निरीक्षक तिर्वा कोतवाली जयन्ती प्रसाद ने सटीक सूचना पर गांव सुख्खापुरवा पहुंचकर चारों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इनसे चोरी का सामान बरामद किया गया। 

एसपी के अनुसार पकड़े गये आरोपियों ने अपने नाम विवेक कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी सुख्खापुरवा थाना तिर्वा जनपद कन्नौज, शिवम कुमार उर्फ टाटा पुत्र रामगोपाल, करन सिंह पुत्र बलराम सिंह निवासीगण ग्राम करसहा थाना ठठिया जनपद कन्नौज, अर्पित कुमार पुत्र उदय नारायण निवासी ग्राम सरसई (औसेर) थाना ठठिया जनपद कन्नौज बताए। 

एसपी ने बताया कि यह चारों दोस्त हैं और तिर्वा में किराये पर रहते थे। दिन के समय कस्बे में घूमते और रेकी करते। इसके बाद देर रात मकान में घुस कर नकदी, मोबाइल, लैपटाॅप के अलावा अन्य महंगे सामान पार कर देते। मोबाइल तीन से चार हजार में बेच देते थे। इनके पास से एक एचपी कम्पनी लैपटॉप, दो लावा कम्पनी टेबलेट, तीन मोबाइल फोन, 13500 रुपये नकद बरामद किये गये।

चोरों को गिरफ्तार करने वाली टीम

थाना तिर्वा टीम में प्रभारी निरीक्षक जयंती प्रसाद, दरोगा शैलेन्द्र कुमार, दरोगा देवी सहाय, हेड कांस्टेबल रामभरोसे। एसओजी व सर्विलांस टीम में एसओजी प्रभारी दरोगा कमल भाटी, प्रभारी सर्विलांस दरोगा पंकज कुमार हेड कांस्टेबल दुष्यन्त कुमार आदि।

ये भी पढ़ें- Etawah News: गैस वेल्डिंग का कंप्रेशर जोरदार धमाके से फटा...मैकेनिक की मौत, घनी बस्ती में फैली दहशत

संबंधित समाचार