अमरोहा: सीनियर पीसीएस अधिकारी के खाने में निकली हड्डी, हवेली होटल कराया सील
गजरौला, अमृत विचार: हवेली होटल में खाना खा रहे सीनियर पीसीएस अधिकारी के खाने में मुर्गे की हड्डी निकल आई। जिसको लेकर खलबली मच गई। वहीं पीएससी अधिकारी ने होटल के स्टाफ को जमकर फटकार लगाई साथ ही फोन के माध्यम से स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर खाद्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। डीएम के आदेश के बाद होटल को सील करा दिया गया है।
गजरौला में पूर्व सांसद हरीश नागपाल का नेशनल हाईवे स्थित हवेली होटल है। फिल्हाल पंकज भारद्वाज समेत तीन लोग होटल का संचालन करते हैं। शनिवार की दोपहर राजस्व पुलिस एवं भूलेख सर्वेक्षण प्रशिक्षण संस्थान उत्तराखंड के डायरेक्टर सीनियर पीसीएस श्रीश कुमार अल्मोड़ा से दिल्ली जाते समय नेशनल हाईवे पर स्थित हवेली होटल पर रुके। उनके साथ उनका बेटा भी था। उन्होंने होटल में खाना आर्डर किया। जिसमें कढ़ाई पनीर भी आर्डर किया गया था।
स्टाफ ने खाना टेबल पहुंचाया। सीनियर पीसीएस अधिकारी ने खाना प्लेट में सर्व करके जैसे ही खाना शुरू किया। तभी कढ़ाई पनीर में हड्डी निकल आई। उन्होंने स्टाफ को बुलाया तथा फटकार लगाई। साथ ही फोन करके स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर अमरोहा से खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। होटल के संचालक पंकज भारद्वाज समेत दो लोग और शामिल हैं।
एसडीएम चंद्रकांता व प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन भी मौके पर पहुंच गए। दरअसल सीनियर पीसीएस अधिकारी को उड़ीसा में मतगणना का आब्जर्वर बनाया गया है। उनकी दिल्ली से उड़ीसा के लिए फ्लाइट थी। स्थानीय अधिकारियों के पहुंचने पर वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। खाद्य विभाग की टीम ने खाने के नमूने लिए। हड्डी को भी सील किया गया। एसडीएम ने होटल को सील करा दिया है। होटल के प्रबंधक भारद्वाज ने बताया कि मामले शुक्रवार की रात होटल के कर्मचारियों ने पार्टी करने के लिए चिकन बनाया था। वहीं गलती से हड्डी खाने में आ गई।
यह भी पढ़ें- अमरोहा: बेटे का रिकवरी वारंट लेकर घर पहुंची पुलिस, जानकारी मिलते ही मां को आया हार्ट अटैक
