शाहजहांपुर: मानक विहीन सड़क निर्माण पर गुस्साए ग्रामीण, किया प्रदर्शन
-पूरनपुर मेन रोड से कुसुमा तक जिला अस्पताल की ओर से बनाई जा रही रोड
खुटार, अमृत विचार: जिला पंचायत की तरफ से पूरनपुर मेन रोड से गांव कुसमा तक डामर रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क निर्माण कार्य में मानक विहीन सामग्री लगाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी सड़क निर्माण का क्या फायदा जो चंद दिन में खराब हो जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को सड़क निर्माण कार्य करने के लिए पत्थर आदि डलवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। रविवार को गांव इटौआ के प्रधान कन्हैयालाल के नेतृत्व में गांव कुसुमा के रहने वाले अनिल कुमार, वीरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, खूबलाल, सुमित, रामदुलारे, शेर सिंह, नरेंद्र कुमार, शुभम, अमित, गोकरन आदि लोग एकत्र हुए और मौके पर पहुंचे। प्रधान और ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री नहीं लगाए जाने और सड़क को नाली से कम ऊंचाई रखने की आपत्ति की।
प्रधान के साथ आए ग्रामीणों का कहना था कि ठेकेदार नालियों से नीची सड़क बनवा रहे हैं। इससे बारिश का पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क पर भरेगा। इससे सड़क पर जलभराव की समस्या पैदा होगी और सड़क समय से पहले ही टूट जाएगी। सड़क निर्माण कार्य में नाम मात्र का ही पत्थर डाला जा रहा है। इससे पता चलता है कि सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही और धांधली बरती जा रही है। जो कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद प्रधान ने ग्रामीणों के साथ ठेकेदार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने नीची सड़क बनवाने और निर्माण में डाली जा रही घटिया सामग्री लगाने पर कड़ी निंदा की है। सभी ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क निर्माण कार्य में अच्छी गुणवत्ता लगाने की मांग की। बाद में ठेकेदार ने सभी को मानक अनुरूप सड़क बनाए जाने का आश्वासन देकर शांत कराया।
मानक विहीन सड़क का निर्माण होने से परेशानी इस रोड से गुजरने वाले लोगों को होगी और आसपास के लोगों को भी इसलिए हम लोगों को मजबूरन इसका विरोध करना पड़ रहा है। मानक अनुरूप सामग्री लगाकर सड़क का निर्माण होना चाहिए-कन्हैयालाल, प्रधान, इटौआ
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: तमंचे के बल पर बाइक सवार दपंति से लूट, रिश्तेदारी से लौट रहे थे दोनों
