बाराबंकी : बिना सुरक्षा किट नाले में उतारे जा रहे सफाई कर्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सेहत और जान की सुरक्षा के साथ किया जा रहा खिलवाड़

बाराबंकी, अमृत विचार। मानसून की बारिश के आहट होते ही नगर पालिका परिषद क्षेत्र में नालों की सफाई शुरु कर दी गई है। सफाई काम में लगे सफाई कर्मियों की सेहत और जान की सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह से नदारत हैं। सफाई कर्मी बिना सुरक्षा किट के नालों में उतारे जा रहे हैं। बिना सेफ्टी किट के सफाई कर्मचारी नलों में उतरकर सिल्ट सफाई का काम कर जान जोखिम में डाल रहे हैं। सफाई कर्मचारियों के पास न तो ग्लव्स है और न ही मास्क, इसे देखकर तो ऐसा ही लगता है की नगर पालिका के अधिकारी तो आंख बंद ही किए हैं ठेकेदार भी सफाई कर्मियों की सुरक्षा को लेकर बेहद लापरवाह है। नगर पालिका अध्यक्ष को भी इसकी चिंता नहीं है।

बारिश का मौसम आने वाला है। इससे पहले नगर पालिका परिषद की ओर से नल और नालियों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है । सुबह से ही अलग-अलग जगह पर सिल्ट सफाई का काम  करने के लिए सफाई कर्मी नलों में उतारे गए हैं । भीषण गर्मी की वजह से  रविवार तक छह लोगों की मौत हो चुकी है बावजूद इसके शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सफाई कर्मी अपना पसीना बहा रहे हैं।

बावजूद इसके सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य का ध्यान न तो नगर पालिका प्रशासन को है और न ही ठेकेदार को सफाई कर्मियों को जीवन रक्षक किट ग्लव्स, माक्स आदि सामान देने की जिम्मेदारी ठेकेदार और नगर पालिका परिषद की है लेकिन रविवार को दोपहर साढे बारह बजे राजकमल रोड पर निबलेट गर्ल्स स्कूल के सामने नाले की सफाई कर रहे गैंग के किसी भी कर्मचारी के पास सफाई के दौरान कोई भी किट नजर नहीं आई। घंटों यह सफाई कर्मी  सिर्फ नेकर पहन कर गहरे नालों में सफाई करते नजर आए। इन सफाई कर्मियों का आधे से ज्यादा शरीर गंदगी में डूबा रहा।

लंबे समय से अगर नालों में सफाई नहीं की जाती है तो जहरीली गैस भी बन सकती है। जिसकी वजह से सफाई गर्मियों को हमेशा जान का खतरा बना रहता है। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को सेफ्टी किट दी जा चुकी है। कभी-कभी भीषण गर्मी के चलते सफाई कर्मी लापरवाही करके सेफ्टी किट उतार देते हैं। इसकी जांच गंभीरता से कराई जाएगी। सभी कर्मचारियों को सुबह ग्यारह बजे से तीन बजे तक काम न करने के आदेश जारी किए गए हैं। बावजूद इसके इस समय सीमा में काम कैसे कराया जा रहा है इसकी जांच कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें -'भाजपाई एग्जिट पोल' के जरिए जनमत को धोखा दिया जा रहा :अखिलेश यादव

 

संबंधित समाचार