मुरादाबाद: STF ने दरोगा के घर अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी, तीन गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। एसटीएफ बरेली ने सेवानिवृत्त दरोगा सुभाष कुमार शर्मा के घर पर अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ ली है। ये छापेमारी नया मुरादाबाद सेक्टर-16 में उनके घर में हुई है। इस कार्रवाई में नकली देशी व अंग्रेजी शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है।
गिरोह का सरगना समेत तीन लोगों की मौके से गिरफ्तारी हुई है। इनमें महेंद्र पुत्र नंदराम, सुरेंद्र पुत्र मुन्नालाल और हरिज्ञान पुत्र भगवान दास हैं। इसमें महेंद्र गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। इनके पास से टीम ने एल्कोहल, बोतलें, होलोग्राम, ढक्कन, रेपर एवं शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
एसटीएफ सूत्रों से खबर मिली है कि इन तीनों आरोपियों ने सेवानिवृत्त दरोगा के घर में सात-आठ दिन पहले ही किराए से कमरा लिया था। उसमें ही वह लोग नकली पदार्थों को असली शराब में तब्दील कर रहे थे। उसकी सप्लाई भी अंग्रेजी-देशी शराब की लाइसेंसी दुकानों पर दे रहे थे।
बताया जा रहा है कि इन आरोपियों ने अपने को सब्जी मंडी में काम करना बताकर दरोगा के घर में कमरा किराए पर लिया था। एसटीएफ ने दरोगा के घर के पास दोपहर के एक बजे कार्रवाई की है। हैरत की बात है जब छापेमारी हुई उस दौरान भी घर में एसटीएफ टीम को नकली शराब बनती मिली। इस कार्रवाई में संभल जिले की शहर कोतवाली के शहजादी सराय निवासी गिरोह का सरगना महेंद्र और संभल के ही थाना कैला देवी क्षेत्र के रायपुर गांव के हरिज्ञान और अमरोहा के थाना रजबपुर क्षेत्र के खाता गांव के सुरेंद्र सिंह की गिरफ्तारी हुई है।
एसटीएफ के सीओ अब्दुल कादिर ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया है कि वह नकली शराब को बोतलों में भरकर ढक्कन लगाने के बाद कूटरचित ब्रांडेड बनाने को रेपर लगाते हैं। फिर नकली शराब बनाकर उसे असली का स्वरूप देकर शराब की लाइसेंसी दुकानों पर बेचते थे। इस कार्रवाई में सीओ अब्दुल कादिर, दरोगा राशिद अली, हेड कांस्टेबल शिवओम पाठक, नितिन कुमार, मिरिजेश पोसवाल, संदीप कुमार और कांस्टेबल संजय यादव शामिल रहे हैं।
इन दुकानों पर बेचते थे शराब
अभियुक्तों ने एसटीएफ को पूछताछ में बताया है कि वह लोग देशी शराब की दुकान नन्हेरा अल्यारपुर, थाना अमरोहा देहात पर बेचते हैं। ये दुकान अनुज्ञापी मदनपाल सिंह की है। इन्होंने बताया कि देशी शराब की दुकान शाहपुर, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा पर भी उनकी नकली शराब की खपत है। इस दुकान के अनुज्ञापी खलील अहमद हैं। इसके अलावा ठेका देशी शराब शेरगढ़, थाना गजरौला जनपद अमरोहा के सेल्समेन विपिन चौहान, ठेका देशी शराब मंडी चौक, अमरोहा के सेल्समेन इमरान व ठेका अंग्रेजी शराब मंडी अमरोहा के सेल्समेन को भी वह लोग नकली शराब बेचते हैं।
450 लीटर एल्कोहल की कैन भी बरामद
सीओ अब्दुल कादिर ने बताया कि नकली शराब की फैक्ट्री से 450 लीटर एल्कोहल, 69,200 ढक्कन शराब गुलाब, फाइटर, रफ्तार, स्टैग, इंपीरियल ब्लू और ब्लेंडर्स प्राइड और 20,000 पन्नी ढक्कन सील करने वाली बरामद हुई है। इसी तरह 25,000 क्यूआर कोड, नकली होलोग्राम, नकली शराब बनाने वाला रंग, 2500 रेपर रॉयल स्टैग. दो परखनली के अलावा 29 पव्वा देशी शराब, 58 खाली क्वार्टर देशी व अंग्रेजी शराब के मिले हैं। 10 फ्रूटी, आठ पीएम टेट्रा पैक, तीन मोबाइल और 3200 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
वाय साहब से खरीदते से एल्कोहल
एसटीएफ के दरोगा राशिद हुसैन ने बताया कि महेंद्र को उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) के काशीपुर का वाय साहब मंडी गेट पर बुलाकर एल्कोहल देता था। वह 50 लीटर की केन 1500 रुपये में देता था। इंदौर से भी आरोपी एल्कोहल लेते थे। आरोपियों ने बताया कि उनका गैंग लीडर महेन्द्र है और हरज्ञान उनका साथी।
ये भी पढ़ें- मुरादाबाद : पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, खेतों से मोटर पंप चोरी करने वाले गैंग के चार अभियुक्त गिरफ्तार
