बरेली: हाफिजगंज में पुलिस ने रातोंरात नष्ट कराए गोवंशीय पशुओं के अवशेष
नवाबगंज, अमृत विचार। हाफिजगंज थाना क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार देर शाम थाना पुलिस ने बरेली पीलीभीत हाईवे पर हाफिजगंज के उत्तरी तिराहे के पास वन विभाग की ग्रीन बेल्ट में जेसीबी से गोवंशीय पशुओं के अवशेष नष्ट करवा दिए।
इसकी सूचना मिलने पर जब विहिप जिलाध्यक्ष टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो मिट्टी में गोवंशीय पशुओं के अवशेष दिखाई दिए। मौके पर खून के साथ ही पेड़ पर गौवंशीय पशुओं को बांधकर हत्या करना दिखाई दिया। जिलाध्यक्ष ने सूचना थाना पुलिस के साथ ही सीओ नवाबगंज को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पुराने अवशेषों को दफन कराए जाने की बात कही तो विहिप पदाधिकारियों ने मौके पर पड़े खून और ताजा गोबर होने की बात कही।
थाना क्षेत्र में आए दिन गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने को लेकर नाराजगी जताई तो पुलिस ने कार्रवाई की बात कही। यहां मामला निपटा भी नही था कि विहिप पदाधिकारियों को जानकारी मिली कि हाफिजगंज के ही गांव बीजामऊ में गुरुदेव के खेत में गोवंशीय पशुओं का अवशेष पड़ा हुआ है। सूचना पर विहिप पदाधिकारी वहां भी पहुंचे और एसपी देहात से पुलिस की कार्यशैली पर सवालियां निशान लगाते हुए शिकायत की।
विहिप पदाधिकारियों की शिकायत पर एसपी देहात ने सीओ हर्ष मोदी को मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचे सीओ हर्ष मोदी ने पशु चिकित्सक को बुलाकर सैम्पल दिलाने के साथ ही गोवंशीय पशुओं के अवशेष को नष्ट करवा दिया। विहिप पदाधिकारियों की नाराजगी के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में फर्द तैयार कराने का आश्वासन देने के साथ ही डॉक्टरों की टीम बुलाकर सैंपल एकत्र कराए।
इस दौरान विहिप जिलाध्यक्ष बाबू राम गंगवार के साथ ही अविनाश मिश्रा, अरविंद गुप्ता नगर अध्यक्ष, नंद किशोर प्रखण्ड अध्यक्ष, प्रेमकुमार, शिव सागर, शिवम गंगवार, सूरज, अनिल चौधरी, शोभित गुप्ता, उमेश गुप्ता आदि साथ रहे। विहिप जिलाध्यक्ष बाबूराम गंगवार ने बताया कि हाफिजगंज पहुंचने पर एसएचओ संजय सिंह को फोन किया जिस पर उन्होंने घटना की जानकारी होने पर अनभिज्ञता जताते हुए स्टाफ को भेजने की बात कहीं।
जब सूचना सीओ हर्ष मोदी की दी गई तो उन्होंने पहले तो पुलिस को भेजने की बात कही और बाद में पुराने गोवंशीय पशुओं के अवशेषों को दफन (नष्ट ) कराए जाने की बात कही। सीओ हर्ष मोदी से इसकी बाबत बात करने का प्रयास किया गया पर कॉल रिसीव नही हो सकी।
ये भी पढे़ं- बरेली: मतगणना स्थल पर एंबुलेंस के साथ मुस्तैद रहेंगी स्वास्थ्य टीमें
