ऐसा भी होता है: नकदी और गहने समेट वहीं पर सो गया चोर, आंख खुली तो सामने खड़ी थी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। गाजीपुर थानाक्षेत्र में एक डॉक्टर के बंद मकान में चोरी करने घुसा चोर रात भर उन्हीं के घर में सोता रहा। रविवार सुबह पड़ोसियों ने ताला टूटा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो चोर को जगाया गया। उसके पास से चोरी के गहने, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया।

गाजीपुर इंस्पेक्टर विकास राय ने बताया कि बनारस में तैनात डॉक्टर सुनील पाण्डेय का इंदिरानगर सेक्टर-20 में मकान है। सुबह पड़ोसियों ने उनका गेट खुला देख अंदर झांका तो मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। लोगों ने इसकी जानकारी सुनील को दी। सुनील के कहने पर सोसाएटी के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर के अंदर पहुंची तो अलमारियां खुली थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। इसी बीच पुलिस की निगाह ड्राइंग रूम में सो रहे युवक पर पड़ी। उसे जगाया गया तो सकपका कर भागने लगा।

पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम कपिल बताया। उसने बताया कि इंदिरानगर में ही रहता है और चोरी करने के लिए ताला तोड़कर सुनील के घर में घुसा था। पुलिस ने उसके बैग से चोरी किए हुए रुपये, जेवर बरामद किए। उसने गैस सिलिंडर और टुल्लू पंप भी चुराया था जो पुलिस के हाथ लग गया। आरोपी ने बताया कि वो बेहद नशे में था इसलिए सामान समेटकर भागने से पहले नींद आ गई।

ये भी पढ़ें -अखिलेश ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर उठाये सवाल, बोले-BJP के पक्ष में माहौल बना रहीं एजेंसियां

संबंधित समाचार