अंबेडकरनगर: दबंगों पर युवक को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। बारात में हुए विवाद के बाद दबंगों ने घर पर सो रहे एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर उसे मौत के घाट उतार दिया है। मामला हंसवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सैदपुर लडुआडीह गांव के दलित बस्ती का है। जहां पर सुनील कुमार उम्र लगभग 35 वर्ष पुत्र दयाराम गांव के ही राम गति के पुत्र धीरज की करौंदी लाला जहांगीरगंज गई बारात से लौटकर अपने घर पर सो रहा था।
आरोप है कि बीती रात्रि गांव के ही घनश्याम पुत्र स्वर्गीय बहादुर, दिलीप पुत्र राजेश व अंबेश पुत्र राम सहाय ने गहरी निद्रा में सोए हुए सुनील कुमार के ऊपर लाठी-डंडों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हमले की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग जब तक जागते हैं। तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जाता है कि बारात में ही सुनील कुमार और उपरोक्त आरोपियों के बीच द्वार पूजा के समय नाचने-गाने को लेकर कहा सुनी हो गई थी। जिससे खुन्नस खाए आरोपियों ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए मृतक के भाई अनिल कुमार के प्रार्थना पत्र पर उपरोक्त तीनों आरोपियों के विरुद्ध मामले से संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर त्वरित कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे व क्षेत्राधिकारी टांडा शुभम कुमार ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिवार का ढांढस बढ़ाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। मृतक व आरोपी दोनों का घर आसपास होने के नाते सुरक्षा के दृष्टिकोण से गांव में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। जहां से तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें -मतगणना : सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे डेढ़ हजार पुलिसकर्मी
