मतगणना : सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे डेढ़ हजार पुलिसकर्मी
डीसीपी पूर्वी बनाए गए नोडल अधिकारी, दो एडीसीपी रहेंगे सहयोगी, कक्ष में मोबाइल, कैमरा, ज्वलनशील पदार्थ व पेय पदार्थ ले जाने पर प्रतिबंध
लखनऊ, अमृत विचार। रमाबाई रैली स्थल पर लखनऊ, मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्रों के चुनाव और लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव की मतगणना चार जून को सुबह 8:00 बजे से की जाएगी। रैली स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए डेढ़ हजार पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। डीसीपी पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके सहयोग में दो एडीसीपी लगाए गए हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था उपेंद्र कुमार अग्रवाल के मुताबिक स्ट्रांग रूम की सुरक्षा आईटीबीपी के एक प्लाटून कर रही है। बाकी स्थानों पर पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी लगाए गए हैं। मुख्य द्वार पर दो कंपनी अद्धसैनिक बल को तैनात किया गया है। जेसीपी के मुताबिक मतगणना स्थल पर पहुंचने से पहले नेताओं, एजेंटों की कई जगह चेकिंग की जाएगी। एक डीसीपी, दो एडीसीपी, 11 एसीपी सहित कुल 1551 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मतगणना के दौरान कोई भी व्यक्ति शस्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, मोबाइल, कैमरा व पेय पदार्थ कक्ष में न हीं ले जा सकेगा।
गेट नंबर चार पर मीडियाकर्मी खड़े कर सकेंगे वाहन
जेसीपी के मुताबिक मतगणना स्थल के गेट नंबर चार से मीडियाकर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा। गेट नंबर चार के पास पार्किंग बनाई गई है। वहां अधिकारी व मीडिया कर्मियों की गाड़ी खड़ी होंगी। यहां किसी भी अन्य व्यक्ति का वाहन नहीं खड़ा हो सकेगा।
रमाबाई रैली स्थल की ओर बदले रहेंगे रास्ते
मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्रों के चुनाव और लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव की मतगणना के कारण चार जून मंगलवार को रमाबाई रैली स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात बदला रहेगा। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। इसके पहले सुबह 4 बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। वाहन औरंगाबाद से शहीद पथ, बिजनौर रोड, ओमेक्स सिटी या न्यू गडौरा होकर जा सकेंगे।
इन रास्तों पर रहेगी रोक
- उतरेठिया अंडरपास चौराहा से रमाबाई अंबेडकर रैली स्थल की ओर उल्टी दिशा में सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- रमाबाई पुलिस चौकी रैली स्थल तिराहे से ख्वाजापुर तिराहा, औरंगाबाद शहीद पथ अंडर पास सर्विस रोड पर वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
- औरंगाबाद शहीद पथ अंडरपास चौराहे से सर्विस रोड होकर रमाबाई पुलिस चौकी की तरफ जाने पर रोक रहेगी।
- ख्वाजापुर तिराहा से मतगणना केन्द्र की तरफ सभी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
- अम्बेडकर विश्वविद्यालय अंडरपास से कोई भी वाहन उलटी दिशा से रमाबाई रैली स्थल की ओर नहीं जा सकेगा।
