सपा ने एग्जिट पोल पर उठाए सवाल, कहा-हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में सीट से अधिक बता रहे जीत
बहराइच, अमृत विचार। शहर में स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन हुआ। जिलाध्यक्ष के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री ने वार्ता करते हुए कहा कि एग्जिट पोल भी पूरी तरह से फर्जी जारी हो रहे हैं। जहां जितनी सीट नहीं है, वहां उससे अधिक सीट पर भाजपा की जीत दिखाई जा रही है। अब आदमी किस पर विश्वास रखे।
समाजवादी पार्टी के मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मतगणना से पूर्व प्रेस वार्ता का आयोजन सोमवार को हुआ। सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री यासर शाह रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव एडवोकेट ने किया।समाजवादी पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एग्जिट पोल पर सवालिया निशान खड़ा किया। सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव ने कहा कि मीडिया के एग्जिट पोल की सच्चाई यह है कि हरियाणा में कुल 10 सीटे है। जबकि वहां से एग्जिट पोल में भाजपा को 16 से 19 सीटे जीतते हुए दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि वहीं हिमाचल प्रदेश में चार सीटे हैं, एग्जिट पोल में वहां से भाजपा को 6 से 8 सीटे जीतते दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि इसी तरह राजस्थान में भी किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह से एग्जिट पोल के जरिए लोगों को गुमराह करने और गठबंधन कार्यकर्ताओं को मनोबल तोड़ने का प्रयास किया गया है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मीडिया भी भाजपा के गुणगान कर रही है। ऐसे में आम जनता का विश्वास उठता जा रहा है। मतगणना में धांधली किए जाने का आरोप लगाया। कहा कि मीडिया भी सरकार की आवाज बोल रही है। इस दौरान कैसरगंज सपा विधायक अनिल यादव, पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, पूर्व विधायक कृष्ण कुमार ओझा, जिला कोषाध्यक्ष अब्दुल मन्नान सहित तमाम सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -भारत को ‘विकसित’ बनाने के लिए स्केल, स्कोप और स्टैंडर्ड पर तेजी से काम करना होगा: PM मोदी
