Chitrakoot: दो गुटखा व्याापारियों से लूट का खुलासा...पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, लूट का ये माल हुआ बरामद
चित्रकूट में पुलिस ने दो गुटखा व्यापारियों से लूट का खुलासा किया
चित्रकूट, अमृत विचार। मानिकपुर पुलिस ने दो गुटखा व्यापारियों से हुई लूट का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे दो लाख बीस हजार रुपये, दो बाइक और तमंचा-कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं। चारों आरोपी मप्र के जिलों के बाशिंदे हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने पत्रकारों को यह जानकारी दी।
25 मई को मानिकपुर के मुहल्ले आर्यनगर निवासी गुटखा व्यापारी हंसराज केशरवानी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि साथी दिलीप केशरवानी निवासी सुभाषनगर के साथ वीरसिंहपुर (सतना) खरीदारी को जाते समय कल्याणपुर के जंगल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनसे तीन लाख 43 हजार रुपये की लूट की है। एसपी ने मामले की खुलासे की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक मानिकपुर, एसओजी एवं सर्विलांस की टीम को दी।
एसपी ने बताया कि दो जून की रात करीब 22.45 बजे डांडी कोलानी तिराहे के पास से पुलिस ने सुरागरशी और पारंपरिक स्रोतों की विवेचना से प्रकाश में आए आरोपी नारायण कुमार गुप्ता उर्फ छोटू पुत्र स्व. विजय कुमार गुप्ता निवासी ग्राम वीरपुर मजरा झखौरा थाना धारकुंडी (सतना), यासीन हसन उर्फ हसीन पुत्र नूरुल हसन निवासी निवासी घोघर (रीवा), रविकांत यादव पुत्र स्व. सीताराम निवासी ग्राम सेलौरा मजरा झखौरा थाना धारकुंडी (सतना) और अयूब खान उर्फ राहत पुत्र जुम्मन खान निवासी मुहल्ला निपनिया (रीवा) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने इनसे दो लाख 20 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइकें, तमंचा-कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड बरामद किए। एसपी ने बताया कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो इन लोगों ने लूट की बात स्वीकारी और बताया कि लूट की साजिश में एक और युवक शामिल था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है।
ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: कानपुर में मतगणना को लेकर डायवर्जन कल...भारी व हल्के वाहनों का समय तय
