Kanpur: मेरा बच्चा लौटा दो बस, नहीं करूंगा कानूनी कार्रवाई...माता-पिता हाथों में अपहरणकर्ता महिला का पोस्टर लेकर गली-गली घूम रहे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के बेकनगंज थानाक्षेत्र में बुर्का पहने महिला ने दुधमुंहे का किया था अपहरण

कानपुर, अमृत विचार। बेकनगंज थानाक्षेत्र से पांच दिन पूर्व बुर्का पहने महिला ने एक नौ महीने के दुधमुंहे बच्चे ईशान का अपहरण कर लिया था। बिजली न आने के कारण मां मोमिना ने अपनी बेटी सिमी और मिमी को बाजार में घुमा कर आने के लिए कहा था। जहां पर आरोपी महिला ने पहले दोनों बहनों को गोलगप्पे खिलाए इसके बाद 50 रुपये देकर लस्सी मंगवाई। 

इस दौरान गोद में लेकर देखने के बहाने वह अपहरण कर ले गई। घटना के बाद मां और पिता आफताब का रो-रोकर बुरा हाल है। दंपति का पुलिस से साफ कहना है, कि किसी भी तरह से मेरा बच्चा लौटा दो बस, वह किसी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे। 

हालांकि, मामले में थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच,सर्विलांस टीम भी लगी है, लेकिन अब तक दुधमुंहे का कुछ भी पता नहीं चल सका है। जिस कारण दंपति और उनके बच्चे और नाते रिश्तेदार गली-गली तपती धूप में आरोपी महिला के पोस्टर दिखाकर पहचान करवा रहे हैं। लेकिन उन लोगों को भी पुलिस की तरह कुछ हासिल नहीं हुआ है। 

झारखंड के पाकुड़ जिले के रानीपुर गांव में रहने वाले दंपति आफताब और उनकी पत्नी मोमिना बड़ी उम्मीदों के साथ कानपुर आए थे कि कमाकर बच्चों को पालेंगे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस कानपुर में रोजी की तलाश में जा रहे हैं वहां पर उनके कलेजे का टुकड़ा ही कोई छीन ले जाएगा। 29 मई की शाम को 7:35 बजे रो रहे दुधमुंहे बेटे को बहनों से बेकनगंज बाजार घुमाकर लाने के लिए कहा था। 

इस दौरान एक बुर्का पहने हुए महिला झांसा देकर बच्चे का अपहरण कर ले गई। मां मोमिना का कहना था कि मेरा बच्चा कहीं भी हो बस मेरे बच्चे को लौटा दो, मेरी बहुत हालत खराब हो रही है। मेरा बच्चा दूध पीता है, वह किसी और की गोदी में नहीं जाता है। पता नहीं वो किस हाल में होगा। 

पिता का कहना था कि वह कबाड़ का काम करके अपने परिवार को पाल रहे हैं। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्हें क्या पता था कि बच्चा ही चोरी हो जाएगा। हम तो अपने लाडले को ढूंढ–ढूंढकर थक गए हैं। मोमिना की और बहनें भी आ गई हैं। वह लोग भी बच्चे को ढूंढने में दिन रात एक किए हुए हैं। लेकिन बच्चे का कुछ नहीं पता चल सका है। 

परिजनों का आरोप है, कि पुलिस पिछले पांच दिन से सिर्फ आश्वासन दे रही है, कि बच्चा मिल जाएगा। लेकिन उन्हें भी अब तक एक भी सबूत नहीं मिल पाए हैं। इस संबंध में बेकनगंज इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि मामले में पांच टीमें काम कर रही हैं। फिलहाल अभी कुछ पता नहीं लग पाया है, लगातार सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। 

नाम रखा जाएगा गुप्ता दिया जाएगा इनाम 

दंपति ने पोस्टर में बच्चा चोर महिला की तस्वीर के साथ लिखा है, कि यह औरत बच्चा चोर है, जिस किसी को इस औरत के बारे में पता चले या कोई इस औरत को जानता हो तो इसके बारे में बता दे। बताने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे उचित इनाम भी दिया जाएगा। 

ये भी पढ़ें- Kanpur News: पॉश एरिया के पार्कों में डेरा, टट्टर लगाकर घेरा...घर का कबाड़ भी फेंका, क्षेत्रवासियों ने कर लिया कब्जा

संबंधित समाचार