प्रदेश में एक से तीन रुपए रोडवेज का सफर महंगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ईटीएम इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों में किराया संशोधित,नया किराया लागू

रोडवेज यात्रियों से लिया जाता है टोल का सरचार्ज, टोल दरे बढ़ने से रोडवेज किराया बढ़ाने का निर्णय

अमृत विचार लखनऊ । रोडवेज की बसों में यात्रा करना अब महंगा हो गया है। राज्य सड़क परिवहन निगम ने रोडवेज बसों के किराए में एक से तीन रुपये की बढ़ोतरी की है। बढ़ा हुआ किराया सोमवार की रात 12 बजे से लागू हो गया है। 

राष्ट्रीय राजमार्गों की टोल दरें बढ़ने से रोडवेज बसों के किराये में भी बढ़ोतरी हो गई। प्रति टोल एक रुपये बढ़ रहे हैं, लखनऊ से प्रयागराज जाने में तीन टोल गेट पड़ते हैं ऐसे में बसों के किराये में तीन रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। साधारण बस सेवा से सफर करने वाले यात्रियों को अब लखनऊ से वाराणसी, देहरादून,हरिद्वार जाने के लिए 3 रुपये अधिक किराया अदा करना पड़ेगा । वहीं लखनऊ कैसरबाग से बरेली सेटेलाइट बस स्टेशन जाने के लिए 1 रुपया अधिक देना पड़ेगा ।

इसी प्रकार बस्ती,रायबरेली,गोरखपुर,अयोध्या  का एक रुपया किराया बढ़ा है। प्रयागराज, रुपईडीहा, सीतापुर, आजमगढ़ जाने के लिए किराये में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। जबकि लखनऊ आलमबाग से कौशांबी जाने के लिए साधारण यात्रियों को तीन रुपये तक जेबे ढ़ीली करनी पड़ेगी । चारबाग से झकरकट‌‌‌टी कानपुर जाने वाले यात्रियों को अभी राहत दी गई है।   राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के टिकट में हर यात्री से टोल का सरचार्ज लिया जाता है। यह सरचार्ज संशोधित होने पर बदल जाता है, इसके लिए शासन से अनुमति लेने की जरूरत नहीं होती। हर बस में 35 यात्रियों को आधार बनाकर सरचार्ज का आकलन होता है।

जिन मार्गों पर टोल दरें पहले 50 पैसे से कम रही हैं वहां अब नई दरें लागू होने से सरचार्ज 50 पैसे से अधिक हो रहा है, इससे बसों का किराया बढ़ रहा है। कई ऐसे भी टोल हैं जहां नई दरों के बाद भी सरचार्ज की बढ़ोतरी 50 पैसे तक ही हुई है, वहां किराये में किसी तरह का बदलाव नहीं हो रहा। परिवहन निगम ने सभी क्षेत्रों की टोल सड़कों पर बढ़ने वाली दरों को मंगाकर इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीनों में किराया संशोधित करा दिया है। नई दर के मुताबिक अब यात्रियों को किराया अदा करना पड़ेगा ।

ये भी पढ़ें -संगमरमर से बनेंगी राम दरबार समेत 13 मन्दिरों की मूर्तियां, टेक्नोलॉजी के जरिए दिखेगा राम मंदिर का इतिहास

संबंधित समाचार