बरेली: यात्रियों को राहत...बीएस 6 बसें मिलीं, दिल्ली के आनंद विहार तक होगा संचालन

बरेली: यात्रियों को राहत...बीएस 6 बसें मिलीं, दिल्ली के आनंद विहार तक होगा संचालन

फाइल फोटो

बरेली, अमृत विचार: दिल्ली जाने के लिए पुरानी बसों पर रोक लगा दी गई है। जिसके बाद अब परिवहन निगम के अधिकारी बीएस 6 बसों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। बरेली और रुहेलखंड डिपो के बाद बदायूं और पीलीभीत डिपो को भी पांच नई बीएस 6 बसें मिली हैं। जिनका सीधा संचालन दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे तक किया जाएगा।

परिवहन निगम के बरेली रीजन में लगातार बीएस 6 बसों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिससे यात्रियों को दिल्ली तक का सफर आसान होगा। एक जुलाई से बीएस 4 बसों के दिल्ली जाने पर रोक लगा दी जाएगी। उसके बाद सिर्फ कौशंबी बस अड्डे तक ही बीएस 4 बसों का संचालन किया जाएगा।

पिछले दिनों बरेली और रुहेलखंड डिपो को 10 बीएस 6 बसें मिली थीं। अब सोमवार को पीलीभीत और बदायूं डिपो को पांच नई बीएस 6 बसों का आवंटन किया गया है। बरेली रीजन के आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि बीएस 6 बसों की संख्या में वृद्धि हो रही है, जिससे दिल्ली तक का सफर आसान होगा। जल्द ही चारों डिपो को और नई बसें मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- बरेली: एक तरफ भीषण गर्मी तो दूसरी ओर सर्वर ठप, घंटों लाइन में लगे...लाइसेंस के लिए निराश होकर लौटे आवेदक