बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को देते थे अंजाम
शातिरों को पकड़ने के लिए खंगाले गए 200 सीसीटीवी फुटेज
ठाकुरगंज/ लखनऊ, अमृत विचार। ठाकुरगंज पुलिस ने एक मकान से 10 लाख रुपये से भी ज्यादा की चोरी करने वाले 4 शातिरों को धर लिया है। सभी गैंग बना बंद मकानों की रेकी कर वारदात को अन्जाम देते थे। हालांकि, पुलिस शातिरों को गिरफ्तार करने के लिए घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर के दायरे तक 200 से भी ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे।
डीसीपी पश्चिम डॉ. दुर्गेश कुमार के मुताबिक, फरीदीपुर निवासी अब्दुल तौहीद ने सोमवार को घर में हुई लाखों की चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। जिस वक्त चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया उस वक्त तौहीद सपरिवार किसी रिश्तेदार के घर पर गए थे। उनका कहना है कि सेंध लगाकर घर में घुसे चोरों ने जेवरात और नकदी पार कर दी थी। डीसीपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते से हुए पुलिस की एक टीम तैयार की गई।
इसके बाद से पुलिस ने घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर के दायरे तक 200 से भी ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। उसके बाद आधार पर पुलिस ने टीम ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेते हुए उनसे पूछताछ की, तो आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान ठाकुरगंज के बालागंज निवासी श्याम तिवारी, फरीदीपुर निवासी आशीष गौतम, इकबाल और अनूप सैनी के रूप में की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने शातिरों के पास से चोरी किए गए आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किया है।
चेन स्नैचिंग के मामले में जेल जा चुका है सरगना
एडीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि इस गैंग का सरगना ई-रिक्शा चालक श्याम तिवारी है। पूर्व में श्याम तिवारी चेन स्नैचिंग के मामले में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने चोरों का एक गैंग तैयार किया। इसके बाद से वह सदस्यों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अन्जाम देने लगा।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि श्याम गली-मोहल्ले में घूम-घूमकर बंद मकानों की रेकी करता था। फिर चिन्हित मकानों में साथियों के साथ वारदात को अंजाम देता था। इस खेल में श्याम तिवारी और इकबाल मकानों में घुसकर हाथ साफ करते थे। जबकि आशीष गौतम और अनूप सैनी घर के बाहर मोहल्ले वासियों पर नजर रखते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद शातिरों रुपयों और गहनों को बंदर बांट कर उन्हें खाने-पीने में खर्च कर देते थे।
यह भी पढ़ें:-UP की आरक्षित सीटों पर भी भाजपा को जबरदस्त झटका, आधी से अधिक सीटें विपक्ष ने जीतीं
