Unnao Murder: कार से आए चोर...किसान के जागने पर चाकू से वारकर उतारा मौत के घाट, वाहन में फंसकर कई मीटर तक घिसटा मृतक
उन्नाव में बकरी चोरों ने पकड़े जाने के डर से किसान को उतारा मौत के घाट
उन्नाव, अमृत विचार। फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के कोरट खेड़ा गांव में कार से बकरी चोरी करने आए बदमाशों ने किसान के जागने पर पकड़े जाने के डर से उस पर चाकू से कई वार कर दिये और वहां से भाग निकले। शोर सुन दौड़े परिजन उसे सीएचसी लाए। जहां से रेफर होने पर जिला अस्पताल लाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के गांव झूलूमऊ के मजरा कोरटखेड़ा निवासी 40 वर्षीय बाबूलाल स्व. हीरा गौतम मंगलवार रात घर के बाहर सो रहा था। देर रात कार से आए चोर दरवाजे बंधी बकरियां खोलकर कार में लादने लगे। दो बकरियों को लाद चुके चोरों की आहट सुन जागे बाबूलाल ने विरोध किया।
लोगों ने बताया कि विरोध करने पर एक चोर ने बाबूलाल के कंधे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद चोर उसे कार से कुचलते हुए भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चोरों के वाहन में फंसकर बाबूलाल कई मीटर तक घिसटता चला गया।
सूचना पर घर में मौजूद बाबूलाल की पत्नी ग्रामीणों के सहयोग से उसे सीएचसी ले गई। जहां डाक्टर ने उसे गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बाबूलाल ने दम तोड़ दिया। बाबूलाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस साक्ष्य एकत्र कर घटना के अनावरण में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- Unnao Accident: अनियंत्रित डीसीएम ने होमगार्ड को रौंदा...मौत, हादसे में बाइक सवार साली घायल
