Kanpur Dehat News: पेट्रोल लेकर आत्महत्या करने तहसील पहुंची महिला...हड़कंप, तहसीलदार समेत कर्मियों के हाथ-पांव फूले
कानपुर देहात में पेट्रोल लेकर आत्महत्या करने तहसील पहुंची महिला
कानपुर देहात, अमृत विचार। रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के भारामऊ गांव निवासी महिला ने घर के आगे कूड़ा डालने व पानी टंकी पाइपलाइन आगे की ओर न बिछाए जाने का विरोध करने की समस्या का निस्तारण न होने पर आत्मदाह के उद्देश्य से पेट्रोल कट्टी लेकर तहसील पहुंची। जिससे वहां हड़कंप मच गया। तहसीलदार समेत कर्मियों ने पेट्रोल कट्टी छुड़ाकर महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भारामऊ गांव निवासी सीमा पत्नी राकेश ने रास्ता न मिलने व पानी टंकी की पाइपलाइन आगे की ओर न बिछाने देने का विरोध करने की समस्या को लेकर कई बार तहसील व जिले के चक्कर लगाए। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। जिस पर गुरुवार की दोपहर वह पेट्रोल से भरी कट्टी हाथ में लेकर आत्मदाह करने के उद्देश्य से तहसील परिसर में पहुंची। जहां पर तहसील कर्मचारियों ने पेट्रोल कट्टी छुड़ा ली।
इस दौरान महिला बेहोश होकर गिर गई। तहसीलदार सुभाष चंद्र यादव व अन्य कर्मचारियों ने पानी डाला और महिला को होश में लाए। महिला ने रोते हुए बताया कि उसके घर के आगे गांव के ही रामू, बउआ आदि लोग पानी की पाइपलाइन नहीं निकलने दे रहे हैं।
साथ ही घर के आगे कूड़ा करकट भी डालते हैं और निकलने के लिए रास्ता नहीं दे रहे हैं। जिसको लेकर कई बार तहसील व जिले के अधिकारियों से फरियाद लगाई, लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। हताश होकर वह आत्मदाह के उद्देश्य से गुरुवार को तहसील पहुंची थी।
तहसीलदार, एसडीएम स्टेनो शंकर समेत अन्य कर्मियों ने महिला को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन देकर महिला को घर भेजा। तहसीलदार सुभाष चंद्र ने कहा कि यदि टीम गठित कर दी गई है। मौके पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: दो बेटी होने के बाद तीसरी बार गर्भवती होने पर कराया गर्भपात...मां और गर्भस्थ शिशु की मौत, हत्या का आरोप
