कासगंज: संदिग्ध परिस्थितियों में साली के यहां युवक की मौत, पिता ने जताई अनहोनी की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूछताछ के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

कासगंज, अमृत विचार। कस्बा सहावर की फ्रेंडस कॉलोनी में अपनी साली के यहां रह रहे हाथरस के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे पिता ने अनहोनी की आशंका जताई है। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टिया मामला खुदकुशी का बताया जा रहा है। 

जिला हाथरस के थाना सिंकदाराराऊ के गांव चंदनपुरा निवासी जीतू चौहान पुत्र धीरेंद्र सिंह चौहान कस्बा सहावर की फ्रेंडस कॉलोनी में अपनी साली प्रीति पत्नी प्रवीन के यहां बीते पांच वर्षों से रह रहा था। गुरुवार की सुबह उसकी हालत बिगड़ी तो साली ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल  रेफर कर दिया। जिला अस्पताल आने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। 

घटना की सूचना जब हाथरस के गांव चंदनपुरा में मृतक के पिता धीरेंद्र चौहान को मिली तो वह परिजनों एवं रिश्तेदारों के साथ सहावर पहुंचा और बेटे के शव को देखकर विलाप करने। उसने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सहावर के इंस्पेक्टर लोकेश सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। 

उन्होंने घटना के संबंध में स्थानीय लोगों एवं परिजनों से बातचीत की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चर्चा यह है कि युवक ने जहर खाकर खुदकुशी की है। इंस्पेक्टर का कहना है कि प्रथम दृष्टिया मामला खुदकुशी का है। जानकारी के मुताबिक युवक ने जहर खाया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यदि कोई तहरीर मिलेगी तो मामले की जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़ें- कासगंज: भीषण गर्मी में सूख रहे लोगों के कंठ, पेयजल की किल्लत, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान 

संबंधित समाचार