Banda: लो-वोल्टेज से निजात को लगाया 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर...सदर विधायक के प्रस्ताव पर लगी मुहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाब टैंक, पेयजल और पचनेही फीडर के दर्जनभर मोहल्लों को मिलेगा लाभ

बांदा, अमृत विचार। भीषण गर्मी में लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे शहर के दर्जनभर मोहल्लों के लोगों को अब निजात मिल जाएगी। गुरुवार को शहर के तुलसी नगर विद्युत सब स्टेशन में लगे 8 एमवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर नए 10 एमवीए क्षमता वाला ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। 

एक्सइएन नगरीय प्रकाश देव पांडेय ने बताया कि अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की स्थापना के बाद शहर अतर्रा रोड, नरैनी रोड समेत पेयजल ग्रामीण व शहरी इलाके के मोहल्लों को जहां लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिल सकेगी, वहीं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू ढंग से संचालित हो सकेगी। 

हमेशा जनसमस्याओं के प्रति सजग और संवेदनशील रहकर लोगों को राहत पहुंचाने वाले सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की एक और पहल अब सार्थक हो गई है। विधायक ने गर्मी की शुरूआत से पहले ही शहर को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मुहैया कराने को लेकर भूरागढ़, चिल्ला रोड, तुलसी नगर और बिसंडा विद्युत सब स्टेशन में 10 एमवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर स्थापित कराने का प्रस्ताव विभाग को भेजा था। 

जिनमें से भूरागढ़ और चिल्ला रोड के ट्रांसफार्मरों की क्षमता तो बढ़ा दी गई थी, लेकिन तुलसी नगर सब स्टेशन में अभी तक 8 एमवीए का ट्रांसफार्मर ही काम चला रहा था। हाल ही दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अमित किशोर के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ ने उनका ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया और सब स्टेशन से जुड़े इलाकों में हो रही लो-वोल्टेज की समस्या से रूबरू कराया। 

एमडी के आदेश पर तत्काल 10 एमवीए ट्रांसफार्मर यहां पहुंचा और गुरुवार को ठेकेदार सचिन मिश्रा व राकेश कुमार की अगुवाई में ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। इस मौके पर अधिशाषी अभियंता नगरीय प्रकाश देव पांडेय, उपखंड अधिकारी देवव्रत आर्या, अवर अभियंता रविकांत अनुरागी समेत विभागीय कर्मचारी और ठेकेदार के कर्मी मौजूद रहे। 

ट्रांसफार्मर स्थापित करने के दौरान सदर विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ भी माैजूद रहे और लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने को लेकर सजग रहे। कहा कि रिवैम्प योजना के तहत शीघ्र ही जर्जर विद्युत तार और खंभे बदलने के काम को पूरा कर लिया जाए, ताकि अघोषित विद्युत कटौती से आम जनता को राहत मिल सके।

ये भी पढ़ें- Banda News: बांदा के लाल ने जौनपुर में किया कमाल, लोकसभा चुनाव में दर्ज कराई भारी जीत

संबंधित समाचार