Kanpur Accident: पति की अस्थियां विसर्जित करने जा रही पत्नी को कार ने रौंदा...मौत, घटना के बाद चालक कार लेकर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सड़क हादसे में महिला की मौत

कानपुर, अमृत विचार। पति की लंबी बीमारी के कारण हुई मौत के बाद पत्नी टूट सी गई। लेकिन परिजनों को क्या पता था कि पिता की घटना के महज कुछ ही दिन में ही मां भी साथ छोड़ जाएगी। यह घटना दिल को झकझोर देने वाली है। मामला महाराजपुर थानाक्षेत्र का है।

जहां पति की मौत के दस दिन बाद उनकी अस्थियां विसर्जित करने जा रही पत्नी को सड़क क्रॉस करते समय तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया और भाग निकली। इससे नाजुक हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। दस दिन के भीतर मां पिता का सिर से साया उठ जाने के कारण परिवार में गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

महाराजपुर थानाक्षेत्र के जरखला गंगागंज निवासी रवि ने पुलिस को बताया कि दस दिन पूर्व उनके पिता तेज बहादुर की कैंसर के कारण निधन हो गया था। जिससे परिजन काफी परेशान थे। बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी बाइक से अपनी 45 वर्षीय मां मंजू और चाचा बब्ली को बैठाकर ड्योढ़ी घाट में पिता की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जा रहे थे।

बताया कि वह लोग घाट के पास पहुंचे और बाइक खड़ी करके सड़क क्रॉस करके चले गए। इस दौरान पीछे मां मंजू आ रहीं थी। जिन्हें क्रॉस करते समय कानपुर से फतेहपुर जा रही तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। वहां आसपास मौजूद कुछ ग्रामीणों ने शोर मचाकर पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से तुरंत भाग निकला। मां को लहूलुहान देख रवि सड़क पर गिर पड़ा। आनन-फानन सूचना पुलिस को दी गई।

गंभीर हालत में महिला को लेकर वह लोग कांशीराम अस्पताल पहुंचे, जहां एक घंटा उपचार चलने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रवि का कहना था कि भगवान ने उन लोगों का क्या बिगाड़ा था, जो उसके ऊपर से माता-पिता को छीन लिया। रवि ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सीसीटीवी की मदद से कार नंबर पता करने की गुहार लगाई है। इस संबंध में महाराजपुर पुलिस ने बताया कि कार को कैमरों की मदद से ट्रेस किया जा रहा है। 

ये भी पढ़ें- Exclusive: स्टार्ट अप को लगेंगे पंख, नए कारोबार के लिए एक फोन पर मिलेगी सारी जानकारी, UPSIC में बन रहा कॉल सेंटर

संबंधित समाचार