कासगंज: 15 सालों से डायबिटीज दे रहा था दर्द...दंपति ने लगाई फांसी, पति की मौत
कासगंज, अमृत विचार। कस्बा अमांपुर के सुभाष नगर में वृद्ध दंपती ने फंदा लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। परिजनों ने फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में पत्नी को अलीगढ़ रेफर किया गया है।
जबकि जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पति की मौत हो गई है। घटना को लेकर परिजनों का कहना है कि दंपती लंबे समय से डायबिटीज से पीड़ित थे और इसी वजह से उन्होंने यह कदम उठाया। अमांपुर के सुभाष नगर निवासी 60 वर्षीय भूप सिंह पुत्र रेवती राम अपनी पत्नी राममूर्ति के साथ घर की दूसरी मंजिल पर रहते थे। दंपति लगभग बीते 15 सालों से डायबिटीज के मरीज थे।
वृद्धावस्था एवं डायबिटीज रोगी होने के कारण वह बहुत दुखी थी। सुबह दंपती ने अपनी ऊपरी मजिल पर बने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। यह एक इत्तेफाक था कि नाती राहुल अपने दादा-दादी को खाना देने के लिए ऊपर गया तो देखा दंपती फंदे पर लटके हैं।
वह चीखा चिल्लाया तो भूप सिंह के पुत्र जयप्रकाश व अन्य परिजन ऊपर भागे और फंदे पर झूल रहे दंपती को फंदे से उतारा और गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने दंपती का उपचार किया, लेकिन उपचार के दौरान पति की मौत हो गई। जबकि राममूर्ति की हालत गंभीर बताते हुए रेफर किया है।
परिजन उन्हें अलीगढ़ ले गए हैं। पुत्र जयप्रकाश का कहना था कि उनके माता-पिता बीमारी से बहुत पीड़ित थे संभवत: उन्होंने यह कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि मां साड़ी से और पिता ने रस्सी से फंदा लगाया था। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
