Kanpur Accident: अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली खंती में पलटी, चालक की मौत, साथी मजदूर ने कूदकर बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बिधनू थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह दलेलपुर गांव के पास नहर पटरी की दूसरी तरफ खंती में गोबर खाद लदी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें दबकर चालक की मौके पर मौत हो गई। वहीं साथी मजदूर ने कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने करीब एक घंटे बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली हटाकर शव बाहर निकाला। चालक अपने साथी के साथ खेत में गोबर की खाद डालने जा रहा था।

दलेलपुर निवासी किसान अशोक कुमार का 20 वर्षीय छोटा बेटा प्रांशू उर्फ मिथुन गांव के ही रामलखन के ट्रैक्टर का चालक था। शुक्रवार सुबह वह साथी मजदूर श्यामू के साथ गांव के ही एक किसान के खेत में गोबर की खाद डालने जा रहा था। गांव के बाहर रामगंगा नहर पटरी सड़क पर ट्रैक्टर-ट्राली अचानक से अनियंत्रित हो गई। ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होते देख श्यामू सड़क पर कूद गया, जबकि प्रांशू ट्रैक्टर-ट्राली समेत सड़क के दूसरी ओर बनी खंती में पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर उसकी मौत हो गई। 

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन बुलवाकर करीब एक घंटे बाद ट्रैक्टर-ट्राली हटाकर शव को बाहर निकाला। पिता ने बताया कि प्रांशू चार बेटों और एक बेटी के बीच में सबसे छोटा था। बेटे का शव देख मां किशनदुलारी अचेत हो गई। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ लग गई। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रेमचन्द्र कनौजिया ने बताया कि परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: जहाजों के लिए खतरा बने सुअर, सियार और नील गाय, वायु सेना अधिकारियों ने जिला प्रशासन से मांगी मदद

 

संबंधित समाचार