आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को घर बुलाकर पीटा
अंजान नंबर से कॉल हमलावरों ने क्राइम ब्रांच अधिकारी होने का दिया हवाला
ठाकुरगंज/ लखनऊ, अमृत विचार। सआदतगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक युवती का आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रिश्तेदारों ने उसे अपने घर बुलाकर पीटा दिया। रिश्तेदारों के खिलाफ यह आरोप लगाते हुए युवती ने सम्बन्धित थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद युवती ने एसीपी बाजार खाला से मदद की गुहार लगाई। जिनके निेर्देश पर सआदतगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
सआदतगंज इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र की रहने वाली युवती अपनी मां के साथ रहती है। युवती का आरोप है कि भाई का साले आमिर और पप्पू उस पर गंदी नियत रखते हैं। बीते 02 जून को उसके मोबाइल पर अंजान नंबर से कॉल आई। फोनकर्ता ने उसे अदर्ब में लेते हुए क्राइम ब्रांच अधिकारी के रूप में अपना परिचय दिया। इस दौरान फोनकर्ता ने कहा कि उसकी कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो उसके पास सुरक्षित है।
विरोध करने पर फोनकर्ता युवती से अभद्रता करने लगा। इस पर युवती ने कॉल काट दी। इसके बाद रात करीब 11 बजे युवती के मोबाइल पर दूसरे नंबर पर कॉल आई, जिस पर फोनकर्ता ने उसके आपत्तिजनक वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए रिश्तेदार आमिर के घर बुलाया। युवती का कहना है कि अपने परिवारिक सदस्यों को लेकर आमिर के घर पर पहुंची। इस दौरान आमिर के घर पर पप्पू, तरन्नुम, रुबी, फराना के साथ मौजूद थी। पीड़िता को बहनोई के साथ देखते ही आरोपियों ने एतराज जताया और उसके बहनोई को पीटने लगे।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़िता के बहनोई पर ईंट से हमला कर घायल कर दिया। विरोध करने पर पीड़िता की भी पिटाई कर दी। मारपीट में पीड़िता का बहनोई मौके पर बेहोश हो गया, जिसे युवती ने निजी हास्पिटल में भर्ती कराया। आरोप है कि शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं किया। युवती ने एसीपी बाजारखाला से मदद की गुहार लगाई, जिनके निर्देश पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही हैं।
