लखनऊ : चोरों ने रिटायर्ड रेलवे कर्मी समेत पांच घरों से सामान किया पार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

- चोरों ने डॉक्टर समेत दो घरों व सैलून दुकान से सामान समेटा

अमृत विचार, लखनऊ। महिगवां के रायपुर बाबू गांव में गुरुवार को चोरों ने रिटायर रेलवेकर्मी समेत पांच मकान व एक दुकान से जेवर, नकदी व लाखों का सामान चुरा लिया। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस सिर्फ आश्वासन देकर लौट गई है।
 
रायपुर बाबू गांव निवासी रामपाल रिटायर रेलवेकर्मी हैं। रामपाल के मुताबिक वह परिवार समेत शहर में रहते हैं। गुरुवार की रात चोरों ने इनके मकान से लाखों के गहने व सामान चुरा लिया। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी रामपाल को दी। वहीं चोरों ने उसी गांव से गोविंद की किराना दुकान से हजारों का राशन पार कर दिया। चोर राजवती की बकरी, बिंदेश्वरी के घर से 12 हजार नकदी व राशन और 80 हजार का सामान उड़ा लिया।
 
इसके अलावा बिंदेश्वरी के परिजन सौरभ का मोबाइल, राजकरन के घर से बर्तन व पप्पू रैदास के मकान से कपड़ों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को रात में सूचना दी थी। मगर पुलिस सुबह पहुंची और आश्वासन देकर चली गई। पुलिस पर रात में गस्त न करने का भी आरोप लगाया। इंस्पेक्टर महिगवां शिवमंगल सिंह के मुताबिक तहरीर मिलने एफआईआर दर्ज की जाएगी।
 
 चोरों ने डॉक्टर समेत दो घरों व सैलून दुकान से सामान समेटा
 गोमतीनगर क्षेत्र में सैलून कर्मचारी दुकान से दो लाख 20 हजार रुपये व सीसीटीवी कैमरे चोरी कर भाग गया। सैलून मालिक ने थाने में मामला दर्ज कराया है।। उधर, चिनहट में डॉक्टर व शटरिंग कारोबारी के घर से चोरों ने नकदी और गहने पार कर दिये।
 
पुलिस के मुताबिक, नेपियर रोड निवासी सैयद मोहम्मद ताबिश की गोमतीनगर में सैलून दुकान है। उसने दिये प्रार्थना-पत्र में बताया कि 4 जून की रात सैलून बंद कर घर गया था। अगले दिन मैनेजर ने दुकान खोली तो गुल्लक के लॉक टूटे और उसमें रखे दो लाख 20 हजार रुपये, मोबाइल और चार सीसीटीवी कैमरे चोरी मिले। दूसरे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि उनका कर्मचारी नवीन उर्फ छोटू किचन से दुकान में घुस रुपये व सामान चुरा ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
 
उधर, चिनहट के सुरेंद्र नगर निवासी डॉ. शुभम गिरी के मुताबिक कुछ दिन पहले वह परिवार के साथ जौनपुर गए थे। 4 जून की रात चोर ने मकान का ताला तोड़कर 80 हजार रुपये, चेन व स्कूटी चुरा ले गये। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने दी। इधर, गुडंबा के मिश्रपुर निवासी शटरिंग कारोबारी मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया 24 मई को पत्नी प्रेमकुमारी बच्चों के साथ मायके लखीमपुर गई थी। गुरुवार रात 8 बजे मुकेश घर लौटे तो मेनगेट का ताला टूटा और कमरे में सामान बिखरा मिला। चोर अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये चुरा ले गये। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
 
गौतमपल्ली थाना क्षेत्र अन्तर्गत जियामऊ में किराये पर रहने वाले लड़कों के मोबाइल फोन और लैपटाप चोरों ने पार कर दिया। पीड़ित आशीष वर्मा ने बताया कि वह और उसका दोस्त बिजली न आने के कारण कमरे का दरवाजा खोलकर सो रहे थे। सुबह जब देखा तो मोबाइल और लैपटाप गायब दिखे। उसी बिल्डिंग में रहने वाले अन्य लोगों के भी मोबाइल चोरों ने पार कर दिए। उप निरीक्षक संत प्रकाश यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
 

 

संबंधित समाचार