मुरादाबाद : जालसाजी कर महेंद्र को चुन्नी लाल बताकर करा दिए फर्जी बैनामे, अब पूर्व पार्षद सद्दाम गया जेल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। करूला जयंतीपुर की महिला पार्षद के पति पूर्व पार्षद सद्दाम पुत्र सफीन खां को एसओजी ने उठा लिया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने इसे शुक्रवार को जेल भी भेज दिया है। आरोप है कि इसने महेंद्र पुत्र मयराम को उप निबंधक कार्यालय में चुन्नी लाल बताकर उनकी जमीन दूसरे के नाम बैनामा करा दी। फिर इसने एक ही व्यक्ति को नहीं बल्कि महेंद्र को बार-बार उसी जमीन का मालिक बताकर कुल चार बार अलग-अलग लोगों को बैनामा करा दिया। इस तरह इस सद्दाम ने न केवल चार क्रेताओं को ठगकर उनसे लाखों रुपये हड़प लिए बल्कि, चुन्नी लाल के हक वाली जमीन पर फर्जीवाड़े का खेल कर उन्हें भी परेशानी में डाल दिया है।

सिविल लाइंस थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि पुलिस को साल भर से सद्दाम की तलाश थी। इस व्यक्ति ने उप निबंधक कार्यालय में महेंद्र निवासी देवीपुरा थाना भोजपुर को जमीन का मालिक दर्शाकर चुन्नी लाल के भूखंड का फर्जी तरह से बैनामा कराया था। एक भूखंड को इसने अलग-अलग चार लोगों के नाम महेंद्र के जरिए बैनामा कराकर क्रेताओं को भी ठगा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में चुन्नी लाल ने सिविल लाइन थाने में 15 अक्टूबर 2023 को 12 लोगों के विरुद्ध नामजद और कई अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

चुन्नी लाल दीनदयाल नगर फेज-द्वितीय में साईं मंदिर के पास के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि एफआईआर होने के बाद प्रकरण की विवेचना में छह लोगों के नाम सामने आए थे। इनमें मियां कॉलोनी जयंतीपुर का सद्दाम, जुबैर पुत्र राहत जान, फुरकान पुत्र शौकत निवासी मंसूरी कॉलोनी मझोला और मो. रिहान पुत्र बाबू अली व सलीम पुत्र जरीफ निवासी निवासीगण जाहिदपुर सीकमपुर थाना भगतपुर और महेंद्र निवासी देवीपुर भोजपुर हैं। इनमें से सद्दाम को छोड़कर अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका था। सद्दाम काफी समय से फरार चल रहा था। जिसे अब गिरफ्तार किया जा सका है।

चुन्नी लाल को इस तरह हुई थी जालसाजी की जानकारी
पूर्व में आरोपियों के विरुद्ध दर्ज कराई गई एफआईआर में चुन्नी लाल ने दावा किया है कि मैनाठेर गांव के खसरा नंबर 465/483/627 की भूमि के वह स्वामी हैं। वह मैनाठेर गए थे तो उन्हें कुछ लोगों से पता चला कि उनकी जमीन बिक गई है। उसे उन लोगों ने खरीद लिया है, यह कहकर वहां के लोगों ने उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया था। परेशान चुन्नी लाल उप निबंधक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि जनवरी-फरवरी 2023 में उनकी जमीन को किसी व्यक्ति ने चार बैनामा किए हैं। जिस पर उन्होंने एफआईआर में महबूब जहां पत्नी नईम, राशिद पुत्र जुम्मा, नईम पुत्र जमील, शाजिया नाज पत्नी मुर्तजा खान, नईम खां पुत्र शमीम खां, शरीफ अहमद पुत्र सद्दीक, सीमा पत्नी मोहम्मद असलम, मोनिश पुत्र रियाज, रिजवान पुत्र उस्मान अली, मो. जिकरान पुत्र सलाम, मो. शरीफ पुत्र मो. सद्दीक, मो. तनवीर पुत्र मो.वसीम नामजद किया था।

एक भूखंड का इन चार के नाम कराया था बैनामा

  • मनकुआपुर निवासी महबूब जहां पत्नी नईम के नाम बैनामा 13 जनवरी 2023 को हुआ था। इसमें गवाह राशिद पुत्र जुम्मा निवासी मुड़िया मोहीउद्दीन ठाकुरद्वारा व नईम पुत्र जमील निवासी जहांगीरपुर देहली मिलक थे।
  • उसी भूखंड का दूसरा बैनामा रामपुर शहर में मजार चुप शाह मियां निवासी शाजिया नाज पत्नी मुर्तजा खान के नाम से हुआ। इसमें गवाह के तौर पर नईम खां पुत्र शमीम खां निवासी चांदवाली मस्जिद गलशहीद व शरीफ अहमद पुत्र सद्दीक निवासी मियां कॉलोनी करूला थे।
  •  तीसरा बैनामा सीमा पत्नी मो.असलम निवासी मोती मस्जिद के पास इस्लामनगर करूला के नाम हुआ था। इसमें गवाह मोनिश पुत्र रियाज निवासी इस्लामनगर गली नंबर-17 बाग शहजादी मस्जिद और रिजवान पुत्र उस्मान अली निवासी सैफी कॉलोनी गली नंबर-4 धीमरी थे।
  • चौथा बैनामा मो. जिकरान पुत्र अब्दुल सलाम निवासी उल्लाह वाली मस्जिद के पास मियां कॉलोनी को हुआ था। इसमें गवाह के तौर पर मो. शरीफ पुत्र मो. सद्दीक निवासी मियां कॉलोनी आजाद नगर और मो. तनवीर पुत्र मो. वसीम निवासी आजाद नगर करूला थे।

जमीन के फर्जीवाड़े में ये लोग शामिल
मास्टरमाइंड सद्दाम और फर्जी विक्रेता महेंद्र, चार क्रेता, आठ गवाह।

ये भी पढ़ें : Moradabad News : सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डीपी यादव ने गोली मारकर की आत्महत्या, कार्यकर्ताओं को लगा गहरा सदमा

संबंधित समाचार