अयोध्या: प्राधिकरण की प्रस्तावित एयरोसिटी क्षेत्र के 11 बूथों पर हारी भाजपा, पांच गांव के लोगों ने विरोध में नहीं दिया वोट
मतदान के दौरान किया था बहिष्कार, मनाने पर थे माने
पूराबाजार/अयोध्या, अमृत विचार। 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या विकास प्राधिकरण की प्रतावित एयरोसिटी निर्माण वाले प्रभावित पांच गांव के 12 में 11 बूथों पर भाजपा पराजित हुई है। केवल एक बूथ पर भाजपा जीत दर्ज कर पाई। सपा को कुल 4242 मत प्राप्त हुए। और भाजपा को कुल 2333 मिले जिसके चलते भाजपा 1909 मतों से हार गई। हालांकि हार के बावजूद भाजपा अपने परंपरागत वोटो को सहेजने में सफल रही।
एयरोसिटी के निर्माण को लेकर कुशमाहा, ददेरा, सरेठी, रामदत्तपुर अटरावां, बैसिह गांव के किसानों द्वारा व्यापक विरोध किया गया था। यहां तक की न्यायालय की शरण में भी गए थे। चुनाव के दौरान सांसद और विधायक से भी न्याय की गुहार लगाई थी। लोकसभा चुनाव के बाद हुई मतगणना में पांचों गांव के 12 में से एक बूथ पर भाजपा और 11 बूथ सपा जीतने में सफल रही।
एयरोसिटी निर्माण से प्रभावित होने वाले गांव कुशमाहा में कुल तीन बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या 262 पर भाजपा को 77, सपा को 288, बूथ संख्या 263 पर भाजपा को 210, सपा को 555, बूथ संख्या 264 पर भाजपा को 56 और सपा को 202 मत प्राप्त हुए। इस तरह इस पोलिंग पर भाजपा को 343 और सपा को 1045 वोट मिले। जिसके कारण सपा 702 वोट से पोलिंग जीतने में सफल रही।
ग्राम पंचायत सरेठी में तीन बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या 284 पर भाजपा को 153, सपा को 386, बूथ संख्या 285 पर भाजपा को 148 और सपा को 299 और बूथ संख्या 286 पर भाजपा को 189 और सपा को 334 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार भाजपा को 490 और सपा को 1019 वोट मिले जिसके चलते सपा 529 वोट से पोलिंग जीतने में सफल रही। रामदत्तपुर के बूथ संख्या 287 पर भाजपा को 212 सपा को 387 मत मिले। इस तरह सपा 175 मतों से बूथ जीतने में सफल रही।
किशुनदासपुर के बूथ संख्या 288 पर भाजपा को 142 और सपा को 302 मत प्राप्त हुए। जिससे 160 मतों से यह बूथ सपा जीतने में सफल रही। ददेरा में दो बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या 289 पर भाजपा को 262 और सपा को 372 तथा बूथ संख्या 290 पर भाजपा को 352 और सपा को 428 मत प्राप्त हुए। इस तरह इस पोलिंग को सपा 186 मतों से जितने में कामयाब रही।
इसके अलावा ग्राम पंचायत बैसिह में दो बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या 319 पर भाजपा को 242 और सपा को 429 तथा बूथ संख्या 320 पर भाजपा को 290 और सपा को 260 मत प्राप्त हुए। इस बूथ पर भाजपा को 532 और सपा को 689 वोट प्राप्त हुए। दोनों बूथों पर मिले वोटो को मिलाकर सपा यह पोलिंग 157 मतों से जीतने में सफल रही।
यह भी पढ़ें:-प्रतापगढ़: मदरसा संचालक मौलाना फारूक की धारदार हथियार से मारकर निर्मम हत्या, गांव में तनाव
