Kanpur News: समय पर ट्रांसफार्मर न बदलने पर अभियंता निलंबित, अधिकारियों को नोटिस भेजकर मांगा गया जवाब
कानपुर, अमृत विचार। जूही परमपुरवा में क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर निर्धारित समय पर न बदल पाने की वजह से केस्को एमडी ने संबंधित अवर अभियंता को निलंबित कर दिया। जबकि सहायक अभियंता उपखंड व सहायक अभियंता वर्कशॉप को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। वहीं, गुरुवार रात को आधा दर्जन और शुक्रवार को 40 से अधिक क्षेत्रों में बिजली संकट रहा।
गुरुवार रात को जूही परमपुरवा, हितकारी नगर, नवीन नगर, काकादेव, रोशन नगर समेत आधा दर्जन क्षेत्रों में बिजली संकट रहा। जबकि शुक्रवार को लालबंगला, पीरोड, गुजैनी, कैलाश नगर, छबिलेपुरवा, डिफेंस कॉलोनी, केडीए कॉलोनी, जाजमऊ, जरौली, योंद्र विहार, कर्मचारी नगर समेत 40 से अधिक क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था चौपट रही। इसके अलावा तुलसी नगर व श्याम नगर समेत दो दर्जन से अधिक क्षेत्रों में ट्रिपिंग की समस्या रही।
केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक एबीसी लाइन बदलने की वजह से लाल कुआं, बेकनगंज, कर्रही व श्याम नगर फीडर की आपूर्ति कुछ देर के लिए बाधित हुई थी। परमपुरवा में वितरण ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने व उसको बदलने में निर्धारित समय से अधिक समय लगाने पर संबंधित अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया है।
सोलर पैनल के लिए नहीं देना होगा शुल्क
केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक 10 किलोवाट तक के सोलर पैनल लगवाने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क देने की जरूरत नहीं है। आवेदक द्वारा सोलर रूफऑप के आवेदन को बिना शुल्क के स्वीकार किया जाएगा।
