अयोध्या: नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव में लगेगा संतों व कई राज्यों के सीएम का जमावड़ा
भाजपा की हार पर आ रही टिप्पणी को लेकर संत घर-घर जाकर लोगों को समझाएंगे
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के 10 दिवसीय जन्मोत्सव में कई राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा संत-धर्माचार्यों का अयोध्या में जमावड़ा लगेगा। मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने बताया कि 12 से 21 जून तक जन्मोत्सव का कार्यक्रम चलेगा। इन 10 दिनों के बीच श्री रामचरितमानस का अष्टोत्तर शतपाठ, श्रीराम महायज्ञ, श्री मद्भागवत कथा और फूल बंगले की झांकी सजाई जाएगी, जिसमें शामिल होने के लिए पूरे देश के संतों को भी हमने आमंत्रित किया है। कार्यक्रम के अंतिम दिन देश अलग-अलग हिस्सों से आये साधु-संतों के साथ चिंतन करेंगे। सामाजिक समरसता के विषय मे वार्ता की जाएगी। कहा कि हमारा मुख्य विषय राष्ट्र है।
21 जून को आयोजित होने वाले संत सम्मेलन में अयोध्या सीट पर हार पर भी मंथन किया जा सकता है। हालांकि अयोध्या को लेकर हो रही तरह-तरह की आलोचना के विषय में महंत कमलनयन दास ने बताया कि ज्ञान के अभाव में लोग ऐसा बोल रहे हैं। उनको बताना चाहूंगा कि अयोध्या के संतों ने भाजपा को वोट दिया है। अयोध्या से भाजपा जीती हुई है। अयोध्या की भोली-भाली जनता को बरगलाया गया। उनको लालच दिया गया है। प्रलोभन दिया गया है। उनको आरक्षण के नाम पर डराया गया है। सम्मेलन के माध्यम से लोगों से अपील की जाएगी। किसी के बहकावे में ना आएं। हम लोग अयोध्या विधानसभा से जीते हुए हैं। इस तरह से टिप्पणी करना सही नहीं है। उन्होंने कहा की जरूरत पड़ी तो साधु-संत गांव-गांव और घर-घर बताने के लिए जाएंगे।
सीएम योगी समेत आरएसएस के पदाधिकारी भी होंगे शामिल
देशभर से लगभग 500 से अधिक जगद्गुरु, पीठाधीश्वर, धर्माचार्य, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साई समेत संघ और विश्व हिंदू परिषद के बड़े पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ेः बहराइच: वन क्षेत्राधिकारी धर्मापुर रेंजपर गिरी गाज, शासन ने किया निलंबित, जानें वजह
