बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को, मजिस्ट्रेट के साथ मुस्तैद हुई पुलिस
जिले के नौ केंद्रों पर परीक्षा देंगें 4454 अभ्यर्थी
अयोध्या, अमृत विचार। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झाँसी की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2024 रविवार को दो पालियों में जनपद के नौ केंद्रों पर आयोजित होगी। जिसके लिए 4454 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र निर्गत किया गया है। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता तथा शांति व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। साथ ही समन्वय के लिए राजपत्रित समेत अन्य पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। प्रशासन ने तैयारियां पूरी होने की बात कही है।
संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए डाॅ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को विश्विद्यालय क्षेत्र में जिम्मा दिया गया है तथा प्रो. फारुख को नोडल समन्वयक बनाया गया है। वहीं पुलिस-प्रशासन की ओर से एडीएम और एसपी सिटी को जिम्मा सौंपा गया है। प्रवेश परीक्षा दो पालियों में प्रातः 9 बजे से 12 बजे व द्वितीय पाली में दो बजे से सायं 05 बजे के बीच विश्वविद्यालय मुख्य परिसर, आईईटी परिसर एवं कासु साकेत पीजी कालेज में तीन-तीन अर्थात कुल 9 केंद्रों पर संपन्न होनी है।
जिसके लिए कुल 18 पर्यवेक्षक, सभी 9 केन्द्रों पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट, दो परीक्षा केंद्रों पर एक केन्द्र प्रतिनिधि एवं तीन-तीन केन्द्रों के हिसाब से कुल तीन सचल दल तैनात किया गया है। नकलविहीन परीक्षा के लिए मोबाईल समेत अन्य इलेक्ट्रानिक्स गैजेट्स पर प्रतिबंध लगाया गया है और परीक्षार्थियों को एक घंटा पूर्व केन्द्र पर पहुँचने तथा प्रवेश-पत्र व पहचान पत्र साथ रखने की हिदायत दी गई है।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि विश्विद्यालय और साकेत केंद्र पर एक-एक सीओ, निगरानी के लिए एक-एक निरीक्षक की तीन टीम, जाँच-तलाशी के लिए साकेत व विश्विद्यालय केंद्र पर दो उपनिरीक्षक, एक महिला आरक्षी व चार आरक्षी नियुक्त किया जा रहा है। वहीं सभी परीक्षा केन्द्रों पर एक उपनिरीक्षक, तीन आरक्षी व दो महिला आरक्षी की तैनाती की गई है, जबकि शांति और कानून-व्यवस्था के लिए रेलवे-बस स्टेशन और प्रमुख चौक चौराहों पर पुलिस बल मौजूद रहेगा।
यह भी पढ़ेः सीएम योगी ने मंत्रिपरिषद के साथ की बैठक, नहीं पहुंचे दोनों डिप्टी सीएम
