अंबेडकरनगर : नदी में उतराता मिला तीन युवतियों का शव

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

एसडीआरएफ की तीन टीमें दो दिनों से सरयू नदी में युवतियों की कर रही थी खोज 

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। बच्चे को बचाने की जद्दोजहद में सरयू नदी में डूबी दोनों बहनों का शव तीसरे दिन एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार की सुबह बरामद कर लिया है, जबकि किशोर का शव बीते दिवस शाम को बरामद किया गया था। 

बता दें कि राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चांडीपुर में स्थित सरयू नदी में बीती 6 जून को दोपहर में नदी में स्नान करते समय डूबने की हुई घटना में 13 वर्षीय धोनी निवासी चौतरा गोरखपुर, 18 वर्षीय रेशम और 20 वर्षीय शीलू निवासी नरवापीतांबरपुर शामिल थे। मृतक रेशम और शीलू दोनों सगी बहनें हैं, दोनों मृतक धोनी की मौसी हैं। अपनी मां के साथ नरवा पीताम्बरपुर ननिहाल आया धोनी सभी के साथ गुरुवार को सरयू नदी में स्नान करने के लिए गया था। स्नान करने के दौरान पैर फिसलने के कारण धोनी नदी की गहराई में चले जाने से डूबने लगा। इसे देखकर बचाव की जद्दोजहद में जुटी रेशम और शीलू खुद अपने को भी संभाल नहीं पाई और नदी में डूब गई। धोनी की मां के गुहार पर मौके पर पहुंचे लोगों ने बचाव के तमाम प्रयास करने के साथ मामले की सूचना पुलिस को दिया।

थोड़ी देर बाद ही थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी के अलावा उपजिलाधिकारी सदानंद सरोज, एएसपी पूर्वी श्यामदेव, क्षेत्राधिकारी आलापुर राम बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी लिए। नदी में डूबे तीनों को स्थानीय लोगों के साथ गोताखोरों की मदद लेकर देर शाम तक तलाश कराया गया, लेकिन तीनों में से एक का भी पता नहीं लग सका। दूसरे दिन एसडीआरएफ की तीन टीमों और गोताखोरों ने पूरी नदी में डूबे तीनों बच्चों के शव को ढूंढते रहे, लेकिन देर शाम सिर्फ  धोनी का शव बरामद किया गया।

एसडीआरएफ की तीन टीमों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को तीसरे दिन भी नदी में डूबी युवतियों के शव को बरामद करने के लिए सुबह से नदी में उतर गए और कुछ घंटों में ही दोनों बहनों रेशम मिश्रा और शीलू मिश्रा का शव बरामद कर लिया। साथ ही एक लडक़ी का शव और बरामद किया गया जो बीते 5 तारीख को कम्हारिया घाट पर रील बनाते हुए गहरे पानी में गिरकर डूब गई थी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ेः सीएम योगी ने मंत्रिपरिषद के साथ की बैठक, नहीं पहुंचे दोनों डिप्टी सीएम

संबंधित समाचार