सुलतानपुर : गंगा दशहरा 16 को, तैयारियों में जुटा प्रशासन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंभुआ/ सुलतानपुर, अमृत विचार। 16 जून को गंगा दशहरा का पावन पर्व मनाया जाएगा। गंगा दशहरा में आदि गंगा गोमती के लंभुआ के धोपाप घाट पर कई जिलों के हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते है और यहां स्नान दान करके टीले पर स्थित मां जानकी मंदिर में दर्शन पूजन करते है।

गंगा दशहरा पर्व को लेकर धोपाप धाम में शनिवार को तहसीलदार देवानंद त्रिपाठी, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र के साथ पहंुचे। यहां पर पुजारियों, ग्राम प्रधान व अन्य के साथ बैठक कर जरूरी सुविधाओं व समस्याओं के बारे में चर्चा की। उन्होंने बताया कि आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी गई है। तहसीलदार ने बताया कि धाम जाने वाले सभी मार्गों पर दो किलोमीटर पहले से ही वाहनों को रोक दिया जायेगा।

धोपाप धाम में किसी अनहोनी से बचने के लिए नाव तथा गोताखोरों की व्यवस्था व घाट पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए अस्थाई रूप से घाट के पास व्यवस्था  के लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया गया है। किसी भक्तगण के बीमार पड़ने पर अस्पताल कर्मियों की तैनाती रहेगी। उन्हें तत्काल इलाज दिया जाएगा। धोपाप धाम में प्रकाश की भी व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस नजर रखेगी और सादी वर्दी में भी पुलिस के सिपाहियों को लगाया गया है। अराजक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। अगर कोई गड़बड़ी करता हुआ पाया गया तो उस पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ेः सीएम योगी ने मंत्रिपरिषद के साथ की बैठक, नहीं पहुंचे दोनों डिप्टी सीएम

संबंधित समाचार