Kannauj: तहसील प्रशासन पर अधबने मकान पर बुलडोजर चलवाने का आरोप, पुलिस से महिलाओं ने की धक्कामुक्की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, अमृत विचार। गांव के बाहर मकान निर्माण की जानकारी पर पुलिस बल के साथ पहुंचे तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर अधबने भवन को गिरा दिया। इस दौरान महिलाओं की पुलिस के साथ धक्का मुक्की भी हुई।
 
थाना इंदरगढ़ के खेमपुर्वा गांव निवासी रामबाबू अपने पैतृक निवास में परिवार के साथ रह रहा था। मकान कच्चा होने से उसे गिराकर पक्का निर्माण कर रहा था। लिंटर पड़ने वाला था कि शनिवार को फोर्स के साथ पहुंचे तहसील प्रशासन ने अधबने मकान पर बुलडोजर चलवा दिया। इस दौरान महिलाओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई। 

पीड़ित रामबाबू के पुत्र अभिषेक यादव ने बताया कि उसका जमीन पर कब्जा बुजुर्गों के समय से है। पहले कच्चा मकान बना था। अधिकांश मकान गिर जाने से पक्का मकान बनवा रहा था। लिंटर पड़ने को था कि प्रशासन ने बिना नोटिस या मौखिक सूचना के घर गिरवा दिया। आरोप लगाया कि रंजिश के चलते कुछ लोगों के कहने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। वह सोमवार को डीएम से लेकर सीएम तक शिकायत कर न्याय मांगेगा। 

थानाध्यक्ष आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि अवैध कब्जा हटाने के लिए तहसील प्रशासन ने पुलिस बल की मांग की थी। इसलिए फोर्स को भेजा गया था। तहसील प्रशासन से जानकारी करनी चाही तो एसडीएम ने कई बार फोन करने के बाद भी रिसीव नहीं किया। तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।

यह भी पढ़ें- उन्नाव में बीजेपी विधायक का वीडियो वायरल, युवक से की गालीगलौज फिर मारा थप्पड़, महिलाओं को भी दीं भद्दी-भद्दी गालियां

संबंधित समाचार