Kanpur Dehat Accident: विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइकसवार को मारी टक्कर, 200 मीटर तक घसीटता ले गया, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात, अमृत विचार। बाइक से कानपुर बाजार बकरी बेचने जा रहे व्यापारी को विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने ज़ोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार ट्रक में फंसकर करीब दो सौ मीटर घिसटता चला गया और खड्ड में घुस गया। पुलिस ने व्यापारी को गंभीर हालत में शिवली सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिवली कस्बे के गांधी नगर मोहल्ला निवासी ऋतिक चक्रवर्ती (20) जानवरों की खरीद-फरोख्त का काम करते थे। शनिवार की भोर पहर वह बाइक से कानपुर बाकरगंज बकरी बेचने जा रहा था। वह शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर प्रतापपुर गांव के पास पहुंचा था। तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ़्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक समेत ट्रक में फंस गया और करीब दो सौ मीटर तक घिसटता चला गया। 

इसके बाद ट्रक खड्ड में जा घुसा। घटना में व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी को बाहर निकाल कर सीएचसी शिवली भेजा। जहां ईएमओ अंकिता चंद्रा ने ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। 

जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया और मृतक की मां दीपा बदहवास हो गई। जबकि पिता मुकेश उर्फ पप्पू भाई आदि का रो-रो कर बुरा हाल रहा। कोतवाल संजय गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: मेरे ऊपर लगे गलत आरोप सिद्ध हुए तो इनाम दूंगा...पूर्व और मौजूदा भाजपा पार्षद आमने-सामने, इस बात पर छिड़ी जंग...

 

संबंधित समाचार