बरेली: रामलीला गौटिया में दो महीने से पानी की सप्लाई ठप, लगे कूड़े के अंबार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

समस्या को लेकर क्षेत्रवासी नगर निगम में सौंप चुके हैं ज्ञापन

बरेली, अमृत विचार। वार्ड नं 46 के रामलीला गौटिया मोहल्ले में समस्याओं के अंबार लगे हैं, जिससे मोहल्लेवासी काफी परेशान हैं। उन लोगों के अनुसार दो महीनों से यहां पर पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इसकी वजह से पूरी आबादी प्रभावित है। इन लोगों ने बताया कि पिछले दो महीनों से टंकिया सूखी पड़ी हैं। घरों के हैंडपंप कभी भी अचानक पानी छोड़ देते हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। बार-बार अवगत कराने के बाद भी जिम्मेदार उनकी समस्या का समाधान कराने को लेकर गंभीर नजर नहीं आते।

मोहल्लावासियों का कहना है कि मोहल्ले में केवल सड़क ही बन पायी है, लेकिन नालियों का कहीं कोई पता नहीं है। मोहल्ले के पानी की निकासी प्लाॅटों में ही होती है। लोगों का कहना है कि जब इन प्लाॅटों पर निर्माण हो जाएगा तो जलभराव की स्थिति पैदा होना स्वाभाविक है। इसके साथ ही मोहल्लावासियों ने बताया कि न तो यहां पर कूड़ा निस्तारित होता है, न ही कोई सफाई कर्मचारी ही आता है। सरकारी नल की भी यहां पर कोई व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा और भी कई समस्याएं यहां पर हैं, लेकिन इन समस्याओं की ओर ध्यान देने के लिए जिम्मेदार जरा भी तैयार नहीं हैं। यहां के भजन लाल का कहना है कि दो महीनों से पानी का सप्लाई ठप पड़ी है। 30-40 घर समस्या से प्रभावित हैं। पूरे मोहल्ले में एक सरकारी नल तक नहीं है। इसी हफ्ते नगर आयुक्त के कार्यालय में ज्ञापन भी दिया, पर अब तक कोई नहीं आया।

नंदू लाल का कहना है कि इतनी गर्मी में पानी की जरूरत बढ़ जाती है।आठ माह पहले ही पाइप लाइन डाली गयी है।उसके बाद कोई भी पलट कर नहीं आया। नेताओं के पास जाओ तो कभी इलेक्शन का बहाना तो कभी कुछ और कहकर टाल दिया गया। यही हाल सरकारी दफ्तरों में भी रहा।

लक्ष्मी के अनुसार दो महीनों से पानी नहीं आ रहा है। मोहल्ले के कई लोग तो शिकायत करना भी नहीं चाहते, क्योंकि उन्हें पता है कि केवल इलेक्शन के समय में ही नेताओं को हमारी याद आती है, उसके बाद कोई सुनवाई नहीं होती। पानी जैसी बेसिक जरूरत भी पूरी नहीं हो पा रही। वेदप्रकाश बोले-मोहल्ले के लोगों ने समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं की जा सकी है। यहां कई जगहों से कूड़ा भी नहीं उठाया गया है। इस मोहल्ले के विकास पर कोई ध्यान ही नहीं दे रहा। इससे हम लोग बहुत परेशान हैं। ऋषिपाल का कहना है कि दो माह से ऊपर हो गया है, मोहल्ले में पानी का पता नहीं है। 

काम-धंधे पर जाने के लिए पानी चाहिए होता है। घर के बाकी कामों के लिए भी पानी की बहुत जरूरत रहती है, पर उन लोगों को हमारी समस्या से कोई मतलब नहीं है। पार्षद तक हमारी बात नहीं सुनते हैं। शांति का कहना है कि मुझे लगता है कि जब तक मोहल्ले के सभी लोग समस्याओं को लेकर नगर निगम की चौखट पर नहीं पहुंचेंगे तब तक हमारी समस्याएं नहीं सुलझेंगी। सड़कों, नाली निकासी, जलभराव व उसमें भी गायों का डुबकी लगाना जैसी समस्याएं यहां पर आम हो गयी हैं। इनका समाधान किया जाना चाहिये।

ये भी पढ़ें- ...तो बिथरी में भी पप्पू-डब्बू और बब्बू की कहानी ने दिखाया रंग, दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके धर्मेंद्र कश्यप

संबंधित समाचार