PM मोदी की नई सरकार पर जमकर बरसे आप नेता संजय सिंह, कहा-एक साल भी नहीं चलेगी
प्रयागराज, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मोदी 3.0 मंत्रिमंडल पर जमकर निशाना साधा और कहा है कि यह सरकार एक साल भी नहीं चलेगी। उन्होंने घटक दलों से स्पीकर का पद अपने पास रखने की सलाह दी है। संजय सिंह ने अयोध्या में भाजपा की पराजय के मामले में भाजपा को हिन्दू विरोधी करार दिया है। प्रयागराज में मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने आप की हार पर समीक्षा की बात कही है।
इधर मोदी 3.0 मंत्रिमंडल शपथ लेकर अपनी नई पारी खेलने जा रहा है, तो वहीं इंडिया गठबंधन के घटक दल मंत्रिमंडल पर अपनी भड़ास निकालने में लगी हुई है। आम आदमी पार्टी के आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने तो बाकायदा इस मंत्रिमंडल और सरकार उम्र तक तय कर दी है। संजय सिंह ने कहा कि यह सरकार 6 महीने से लेकर 1 साल के अंदर गिर जाएगी। संजय सिंह ने कहा कि, इस सरकार की आयु 6 माह से एक साल तक ही है। इससे ज्यादा यह सरकार नहीं चलने वाली है। एनडीए की सरकार एक बार 13 दिन चली, एक बार 13 महीने चली और अटल जी की तरह व्यक्तित्व भी नहीं है मोदी जी का.. तो मैं यह समझता हूं एक साल के अंदर यह सरकार गिर जाएगी। क्योंकि इनके घटक दल जिन्होंने इनसे इच्छाएं पाल रखी हैं, वह ऐसा कुछ करने वाले नहीं हैं।
प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि टीडीपी और जेडीयू से यह कहना चाहता हूं कि स्पीकर अपना बना लेना। वरना आपकी पार्टी के कितने सांसद टूटकर इनके साथ मिलेंगे, इसका आपको भरोसा नहीं है। क्योंकि दलों के तोड़-फोड़ के लिए ही अमित शाह और मोदी जी जाने जाते हैं। संजय सिंह ने अयोध्या में भाजपा की हार पर तंज कसा है और कहा है कि भारतीय जनता पार्टी का चेहरा पूरी तरह से देश के सामने बेनकाब हो गया है। पहले यह मुसलमानों को गाली देते थे, फिर सिखों को, ईसाइयों को, जाटों को, किसानों को और अब हिंदुओं यानी अयोध्यावासियों को गाली दे रहे हैं। बीजेपी यह बर्दाश्त नहीं कर पा रही है कि अयोध्या से एक सामान्य सीट से एक दलित व्यक्ति सांसद कैसे बन गया।
नीट एग्जाम के घोटाले की जांच की मांग भी संजय सिंह ने उठाई है और कहा है कि नीट के एग्जाम में जो घोटाला और घपला हुआ है उसकी जांच होनी चाहिए। जो लोग इसमें जिम्मेदार हैं उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। क्योंकि यह 24 लाख बच्चों के भविष्य का सवाल है। कोटा में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली, पटना में एक नौजवान ने आत्महत्या कर ली। ऐसा घोटाला जिसमें 67 बच्चे 720 अंक पाकर टॉप कर रहे हैं एक साथ। इसके विरोध में 11 जून को आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करेगी।
ये भी पढ़ें -हरदोई के इन छात्रों ने पास की जेईई एडवांस परीक्षा, बढ़ाया मान
