सीतापुर : मगरमच्छ को वन विभाग ने जाल डालकर पकड़ा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुछ दिन पूर्व अपने ही द्वारा छोड़े मगरमच्छ को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ा

ग्रामीणों ने ली राहत की सांस,छह फीट लम्बा था विशालकाय मगरमच्छ 

इमलिया सुल्तानपुर/सीतापुर,अमृत विचार। थाना इलाके में वन विभाग की लापरवाही से पिछले तीन सप्ताह से ग्रामीणों के लिए आतंक का पर्याय बने मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने जाल में फंसाकर शनिवार को पकड़ लिया। करीब छह फिट लम्बे मगरमच्छ की आमद के चलते ग्रामीण काफी समय से खौफजदा थे। ग्रामीणों के आक्रोश के आगे आखिरकार वन विभाग को सरायन नदी में स्वयं द्वारा छोड़े हुए मगरमच्छ को नदी से पकड़कर अपने साथ ले गये। मगरमच्छ के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। 

बताते चले कि करीब 20 दिन पूर्व एक अज्ञात टीम ने इलाके में पिकअप वाहन से लाकर एक विशालकाय मगरमच्छ को सरायन नदी में छोड़ गयी थी। ग्रामीणों की माने तो वन विभाग ने ही किसी अन्य इलाके से मगरमच्छ को लाकर स्थानीय नजरों से बचाकर सरायन नदी में छोड़ दिया था। कुछ दिन बीतने के बाद ग्रामीण जब खेतो की तरफ गुजरे तो नदी किनारे विशालकाय मगरमच्छ देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग टीम लगाकर जांच पड़ताल कर बगैर मगरमच्छ को पकडे ही बैरंग वापस चली जाती थी। दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों में खौफ बरकरार रहा और खेतों में जाने से भी गुरेज करते थे।

ग्रामीणों की माने तो कई बार वन विभाग ने जाल डालकर मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश की लेकिन हर बार मगरमच्छ जाल से कूदकर नदी में पहुंच जाता। रविवार को सुबह ग्रामीणों ने फर्रकपुर पुल के समीप मगरमच्छ को देखकर वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे वन दरोगा राजकुमार के नेतृत्व में टीम ने मगरमच्छ को देखकर जाल डाला। बताया जाता है कि एक बार वह फिर जाल से कूद जाने में कामयाब रहा। लेकिन वन विभाग की टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू करते हुए आखिरकार मगरमच्छ को जाल में फंसाकर पकड़ लिया। टीम मगरमच्छ को सुरक्षित बांधकर उसे अपने साथ ले गई है। वन विभाग के जिम्मेदार अफसरों की माने तो मगरमच्छ को अब सुरक्षित तरीके से सीमा इलाके के बाहर से गुजरी घाघरा नदी में छोड़ दिया जाएगा।

यह भी पढ़ेः लखनऊः ईशान ने जेईई एडवांस में हासिल की 346वीं रैंक

 

संबंधित समाचार