बाराबंकी: तेज धूप और पछुआ हवाओं ने बढ़ाए सब्जियों के दाम, नौपता के असर ने घटाया उत्पादन
बाराबंकी, अमृत विचार। भीषण गर्मी के दौर में हर तरफ से आम आदमी को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बढ़ती महंगाई में इन दिनों सब्जियों के भाव भी आसमान छू रहे हैं। वजह है गर्मी में माल की बर्बादी, कम उत्पादन और कम आवक। कड़ाके की धूप और पछुआ हवा के कारण सब्जियों के दामों में काफी उछाल आया है। हीट स्ट्रोक और नौपता के असर ने सब्जियों के उत्पादन में खासा असर डाला है। जिसके चलते इनके दाम भी आसमान छूने लगे हैं। पिछले हफ्ते के मुकाबले सब्जियों के दामों में डेढ़ तक की वृद्धि हुई है। हरी सब्जियों में लौकी, तोरई, भिंडी और परवल समेत अन्य के दाम अच्छा खासा बढ़े हैं। जबकि अन्य सब्जियां भी 30 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रही हैं।
उत्पादन कम होने के चलते भी कई सब्जियों के दामों में तेजी आई है। आलू, प्याज और टमाटर की अगर बात करें तो पिछले हफ्ते के मुकाबले यह सब्जियां 5 रुपये से लेकर दस रुपये तक महंगी हुई हैं। पिछले हफ्ते लहसुन 200 प्रति किलो बिक रहा था, जो इस समय 240 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। रामनगर के किसान राम सजीवन ने बताया कि भयंकर धूप और गर्म हवाओं के चलते खेतों में सब्जियां सिकुड़ी जा रही हैं। कई बार सिंचाई करने के बाद भी सब्जियों का उत्पादन घटा है। वहीं लखपेड़ाबाग में सब्जी का व्यवसाय करने वाले आजम मलिक ने बताया कि मंडी में लगभग सभी सब्जियों के दाम बढ़े हैं। जिसके चलते फुटकर में भी सब्जियां महंगी हो गई हैं। आजम मलिक के मुताबिक पिछले हफ्ते के मुकाबले इस हफ्ते सब्जियां काफी महंगी हई हैं। उन्होंने बताया कि जब तक मानूसन सक्रिय नहीं होता है, तब तक दामों में राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अभी दाम और बढ़ सकते हैं।
सब्जियां--दाम (अब)--दाम (पिछले हफ्ते)
आलू--30 25
घुइयां--60 50
भिंडी--50 30
बैगन--60 40
परवल--80 60
पत्ता गोभी--30 20
तोरई--30 20
लौकी--40 20
कद्दू--30 20
नींबू--140 120
प्याज--40 30
टमाटर--25 20
खीरा--50 25
पालक--50 30
लहसुन--240 200
नोट--सब्जियों के दाम प्रति किलो व रुपये में हैं।
ये भी पढ़ें -उमेशपाल हत्याकांड: प्रयागराज में अशरफ के साले सद्दाम की पांच संपत्ति हुई चिह्नित
