Etawah: भैंस चोरी कर बदमाशों ने किसान को मारी गोली, भागने के दौरान मिनी ट्रक कंटेनर से टकराया, दो की मौत व दो घायल
इटावा के भैंस चोर गोली मारकर भागे मिनी ट्रक कैंटर से टकराने में दो की मौत
इटावा, अमृत विचार। सैफई में तड़के भैंस खोल रहे बदमाशों को किसान ने टोका तो उसे गोली मार दी। इतना ही नहीं, उसकी पत्नी पर ईंटों से हमला भी किया। ग्रामीणों के घेराबंदी करने पर मिनी ट्रक में सवार होकर भागने लगे। इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से ट्रक टकरा गई। हादसे में दो बदमाशों की दबकर मौत हो गई। जबकि दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सैफई थानाक्षेत्र में गांव बटुउआ में सोमवार भोर तीन बजे मिनी ट्रक पर सवार बदमाश रामबरन की भैंस खोलने लगे। भैंस खोलने की आवाज सुनकर रामबरन ने शोर मचाया और बदमाशों को टोका। इस पर बदमाशों ने गोली मारकर रामबरन को घायल कर दिया। इतना ही नहीं, पत्नी के विरोध करने पर ईंटो से हमला कर लहूलुहान कर दिया।
इधर, हो-हल्ला सुन ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। इस पर बदमाश फायरिंग कर मिनी ट्रक में सवार होकर आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के सैफई बाईपास की ओर भागने लगे। इस पर फाैरन ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
इस दौरान हैंवरा डिग्री कॉलेज के पास मिनी ट्रक सामने से आ रहे कंटेनर टकरा गई। जिसमें जिला कासगंज कोतवाली क्षेत्र में गांव नदरई में रहने वाले रहमत के बेटों बदरू व सैकत की मौत हो गई। जबकि इसी गांव के नौशाद व राजू घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
ये भी पढ़ें- Kanpur के VIP चोर: आधी रात XUV से आए, बकरी को कार में रखा और हो गए रफूचक्कर...CCTV में वारदात कैद
