मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात
अमृत विचार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नई दिल्ली में नवनियुक्त केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और नितिन गडकरी से मुलाकात की। बीजेपी के तीनों नेताओं ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में मोदी-3.0 में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी। ऐसे में 2024 लोकसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इन तीनों वरिष्ठ नेताओं से यह पहली मुलाकात है।
बता दें कि सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। वहीं शपथ समारोह के बाद सीएम योगी ने नई दिल्ली में ही रात्रि विश्राम किया और सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और नितिन गडकरी से मुलाकात कर तीनों नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल होने की शुभकामनाएं दी।
गौरतलब है कि राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के लखनऊ, अमित शाह गुजरात के गांधीनगर और नितिन गडकरी महाराष्ट्र की नागपुर लोकसभा से चुनाव जीते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी की लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार भी किया था।
ये भी पढ़ें -मुख्तार के शूटर अंगद और गोरा राय को 5-5 साल की सजा, जेल में मारपीट का था मामला
