प्रयागराज : अमूल दूध के भरे ट्रक को डंपर ने मारा टक्कर, लाखों का सामान हुआ खराब, मची खलबली
झूंसी में अनवर मार्केट के पास हुआ हादसा, टक्कर में खलासी और चालक को भी आई चोंटे
झूंसी, अमृत विचार/ प्रयागराज । थाना क्षेत्र के प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर अनवर मार्केट के पास सोमवार की भोर में किनारे खड़े मिनी ट्रक में सामने से गिट्टी लदे डंपर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक में लदा अमूल दूध और उसके अन्य पेय पदार्थ सड़क पर पर बिखर गए।
हादसे में ट्रक के चालक और खलासी को मामूली चोट आई थी। हादसे के बाद डंपर चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। घटना के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। हादसे में अमूल के दूध समेत पेय पदार्थेा का लाखों का नुकसान बताया गया है।
अमूल दूध और उसके पेय पदार्थों का मिनी ट्रक रोज की तरह रविवार की रात में भी अनवर मार्केट के पास आकर खड़ा हो गया था। ट्रक के भीतर चालक और खलासी मौजूद थे। भोर में यहीं से पूरे गंगापार में मॉल की सप्लाई होनी थी। इसी बीच रात तकरीबन ढाई बजे एक तेज रफ्तार डंपर वहां से गुजरा और अमूल दूध के ट्रक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
साथ ही उसके भीतर कैरेट में रखे अमूल दूध के पैकेट, मट्ठा के साथ ही अन्य पेय पदार्थ सड़क पर बिखर गए। घटना की सूचना मिलने पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी ट्रक चालक और खलासी को अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में अमूल के तकरीबन साढ़े तीन लाख रुपये के पेय पदार्थों का नुकसान बताया गया है। आधी रात को जीटी रोड पर हुए हादसे से अफरा-तफरी मच गई थी। ट्रक चालक और खलासी का नाम स्पष्ट नहीं हो सका है।
ये भी पढ़ें -मुख्तार के शूटर अंगद और गोरा राय को 5-5 साल की सजा, जेल में मारपीट का था मामला
